पूर्व मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल में काली पूजा (श्यामा पूजा) की तैयारी हो रही है और पूरा राज्य दीवाली के त्योहार की रोशनी में डूबा हुआ है। गांव से लेकर शहर तक आखिरी मिनट की तैयारियां जोरों पर हैं। कोलकाता में कई पंडालों का उद्घाटन पहले ही हो चुका है और जिलों में भी भव्य, बड़े बजट वाले पूजा समारोह देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। इस बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा में आग लगने से रोशनी के त्योहार ने दुखद मोड़ ले लिया।
काली पूजा से ठीक एक दिन पहले शनिवार शाम को एक बड़े बजट का पूजा पंडाल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। यह सनसनीखेज घटना पूर्व मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा थाना क्षेत्र के यशोड़ा गांव में घटी।

आग लगने की वजह क्या?
जानकारी के अनुसार, यशोड़ा कालीबाजार व्यवसायी समिति एवं ग्रामवासियों की ओर से भव्य काली पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया था। शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक पंडाल में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

भव्य पूजा पंडाल और साजो-सामान जल गया
उद्घाटन से ठीक पहले आग लगने से लाखों रुपये का पंडाल और साजो-सामान जल गया है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की बड़ी खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पांशकुड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, दमकल की टीम के पहुंचने से पहले ही आग ने पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते भव्य पूजा पंडाल पूरी तरह जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सब राख हो चुका था।
पूजा आयोजक और स्थानीय ग्रामीणों निराश
काली पूजा से ठीक पहले हुई इस घटना से पूजा आयोजकों और स्थानीय ग्रामीणों में निराशा का माहौल है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अग्निकांड का वीडियो आया सामने-
वहीं, आपको बता दें कि इस घटना से दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग के चालता फॉरेस्ट में भीषण आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर कई छोटे-बड़े पेड़ जल गए।
(रिपोर्ट- रंजन माइती)
यह भी पढ़ें-
मुंबई के हाईराइज टावर में भीषण आग का तांडव, 23वीं मंजिल से उठती लपटों का VIDEO वायरल