1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कार्यकर्ताओं की हत्या पर भाजपा ने साधा ममता सरकार पर निशाना

कार्यकर्ताओं की हत्या पर भाजपा ने साधा ममता सरकार पर निशाना

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 12, 2020 09:11 pm IST,  Updated : Nov 12, 2020 09:11 pm IST

पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमले में राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के शामिल होने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों से लगे धक्के से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई है।

BJP attacks Mamata Government over murder of its workers in Bengal- India TV Hindi
भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित हत्याओं के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। Image Source : FILE

नयी दिल्ली: पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर हमले में राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के शामिल होने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों से लगे धक्के से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में संवाददताओं से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित हत्याओं के लिए तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

Related Stories

उन्होंने कहा, ‘‘किसी तरह सत्ता में बने रहने के लिए यह हत्याओं का खेल खेला जा रहा है। पूरे पश्चिम बंगाल में बदलाव की लहर चल रही है और इससे वह बौखला गई हैं।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुधवार को भाजपा मुख्यालय के उस संबोधन का भी उन्होंने जिक्र किया जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर करारा हमला बोला था और कहा था कि जो भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से चुनौती नहीं दे पा रहे हैं वे भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का सहारा ले रहे हैं।

भाटिया ने कहा, ‘‘आप (ममता बनर्जी) जानती हैं कि आप भाजपा की विचारधारा का मुकाबला नहीं कर सकतीं। इसलिए भाजपा के लगभग 115 कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया।’’ भाजपा के इस प्रकार के आरोपों को तृणमूल कांग्रेस की सरकार लगातार खारिज करती रही है। कई भाजपा कार्यकर्ताओं का नाम लेते हुए भाटिया ने आरोप लगाया कि सभी की हत्या राज्य की सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर की गई।

पश्चिम बंगाल सरकार पर साम्प्रदायिक और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए भाटिया ने कहा कि ममता बनर्जी राहिंग्याओं से प्यार करती हैं और देश से उन्हें बाहर निकाले जाने के खिलाफ बोलती हैं जबकि भारतीय नागरिकों पर हमले होते हैं तो वह मुंह फेर लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता राज्य में जंगलराज फैला रहे हैं और ममता बनर्जी चुप हैं।

भाटिया ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर जानलेवा हमला हुआ। बिहार के परिणाम की गूंज ममता बनर्जी की बौखलाहट की वजह बन रही है।’’ गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के जयगांव क्षेत्र में पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने गए दिलीप घोष के काफिले पर पत्थर फेंके गए और काले झंडे दिखाए गए। इसमें घोष का वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।