1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बर्धमान उत्तर सीट की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप, भाजपा उम्मीदवार संजय दास पहुंचे हाईकोर्ट

बर्धमान उत्तर सीट की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप, भाजपा उम्मीदवार संजय दास पहुंचे हाईकोर्ट

 Published : Jun 17, 2026 10:59 am IST,  Updated : Jun 17, 2026 10:59 am IST

बर्धमान उत्तर सीट से भाजपा के उम्मीदवार संजय दास ने कलकत्ता हाईकोर्ट में पुनर्गणना की याचिका दाखिल की है। रिटर्निंग ऑफिसर पर 16 की जगह केवल 12 राउंड की गिनती कराना का आरोप उन्होंने लगाया है।

 Allegations of irregularities in counting of votes- India TV Hindi
बर्धमान उत्तर सीट की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप Image Source : INDIA TV

पूर्व बर्धमान: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले की बर्धमान उत्तर विधानसभा सीट की मतगणना में गंभीर अनियमितताओं का कानूनी और राजनीतिक मामला सामने आया है। चुनाव परिणामों में पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय दास ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अदालत द्वारा उनकी पुनर्गणना की याचिका स्वीकार किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज होने लगी है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला। 

मंगलवार को मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान भाजपा उम्मीदवार संजय दास ने मतगणना प्रक्रिया के संचालन पर कई सवाल उठाए। संजय दास ने दावा किया कि मतगणना के दिन यानि 4 मई को रिटर्निंग ऑफिसर अमूल्य चंद्र सरकार ने जानबूझकर चुनावी नियमों का उल्लंघन किया और मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ की। संजय दास के अनुसार, शुरुआती पांच राउंड की गिनती पूरी होने पर बिना किसी स्पष्ट तकनीकी कारण के मतगणना को लंबे समय तक रोक दिया गया। उनका सबसे बड़ा दावा ये है कि इस सीट पर निर्धारित 16 राउंड की जगह केवल 12 राउंड की मतगणना के बाद ही एकतरफा परिणाम घोषित कर दिया गया। दास के अनुसार, उन्होंने इस कथित अनियमितता का विरोध भी किया था, लेकिन उनकी आपत्ति पर ध्यान नहीं दिया गया। बल्कि उन्हें मतगणना केंद्र के काउंटर से हटा दिया गया।

CCTV फुटेज से खुलेगी धांधली 

संजय दास ने पूरी चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए अदालत से वोट्स की दोबारा गिनती करवाने की मांग रखी है। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि मतगणना केंद्र के भीतर CCTV कैमरे लगे हुए थे, अगर माननीय हाईकोर्ट उन सीसीटीवी फुटेजों की निष्पक्ष जांच के आदेश दे तो मतगणना वाले दिन की पूरी सच्चाई और प्रशासनिक गड़बड़ी जनता के सामने आ जाएगी। 

26 जून, सुनवाई के दिन पर सबकी नजरें

कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संजय दास की याचिका को स्वीकार किया जा चुका है। आपको बता दें कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई 26 जून 2026 को की जाएगी। सुनवाई पर जिले के मतदाताओं के साथ ही सभी राजनीतिक दलों की नजरें भी टिकी हुई हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अभी तक चुनाव आयोग या जिला प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति अदालत की आगामी सुनवाई के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

(रिपोर्ट- संतोष कुमार मंडल, पूर्व बर्धमान)

ये भी पढ़ें-

'जब भी मुश्किल में होती हैं, कोर्ट चली जाती हैं, फैसला भी नहीं मानतीं', ममता पर दिलीप घोष का कटाक्ष

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।