1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. BJP विधायक बिष्णु पद रे का निधन, मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे कोलकाता

BJP विधायक बिष्णु पद रे का निधन, मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे थे कोलकाता

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 25, 2023 01:36 pm IST,  Updated : Jul 25, 2023 01:40 pm IST

पश्चिम बंगाल विधानसभा के मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता पहुंचे रे को बेचैनी की शिकायत के बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बीजेपी विधायक का निधन- India TV Hindi
बीजेपी विधायक का निधन Image Source : @SUVENDUWB

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बिष्णु पद रे का मंगलवार सुबह न‍िधन हो गया। रे सोमवार से शुरू हुए विधानसभा के मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए रविवार शाम कोलकाता आए थे। हालांकि, रविवार रात को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें कोलकाता के अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उनका आज सुबह निधन हो गया। वह 61 वर्ष के थे और कुछ समय से फेफड़ों के संक्रमण से जूझ रहे थे। 

अस्पताल में कराया गया भर्ती

अधिकारियों ने बताया कि राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता पहुंचे रे को बेचैनी की शिकायत के बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया, "सोमवार को रे की सर्जरी की गई थी। इसके बाद उनकी तबीयत में थोड़ा सुधार भी हुआ, लेकिन रात में हालत फिर बिगड़ गई और मंगलवार तड़के तीन बजे उनका निधन हो गया।" 

"असामयिक निधन से बेहद दुखी"

विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिवार के सदस्यों, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शुभेंदु ने ट्वीट किया, "मैं अपने सहयोगी और धूपगुड़ी से विधायक बिष्णु पद रे के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। उन्हें दिल की बीमारी के कारण पीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बंगाल बीजेपी विधायक दल की ओर से मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।" सूत्रों ने बताया कि रे के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा ले जाया जाएगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।