पश्चिम बंगाल में पहले फेज के मतदान से चंद घंटे पहले बीजेपी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। राजनीतिक परामर्श फर्म I-PAC से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद बीजेपी ने ममता बनर्जी को "अराजकता का प्रतीक" बताया। पार्टी ने कहा कि विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के साथ ही 04 मई को ममता बनर्जी का "जंगल राज" समाप्त हो जाएगा।
न्यायालय ने I-PAC के कार्यालय में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तलाशी के दौरान मुख्यमंत्री की कार्रवाई पर सवाल उठाए। 'आई-पैक' कार्यालय पर ED द्वारा की गई छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी द्वारा कथित तौर पर बाधा डाले जाने के मामले की न्यायालय ने गहन पड़ताल की और कहा कि यदि कोई मुख्यमंत्री जांच में हस्तक्षेप करता है, तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है।
न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति एन वी अंजारी की पीठ ने कहा, "यह केंद्र और राज्य के बीच का विवाद नहीं है। किसी भी राज्य का कोई भी मुख्यमंत्री किसी जांच या छानबीन के बीच में आकर लोकतंत्र को खतरे में डालता है और फिर आप कहते हैं कि यह केंद्र और राज्य के बीच का विवाद है।"
"उन्हें CM पद से इस्तीफा दे देना चाहिए"
न्यायालय ने यह टिप्पणी तब की जब पश्चिम बंगाल के एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अदालत में पेश हुईं वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी ने ईडी की याचिका की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि विवाद मूल रूप से केंद्र और राज्य के बीच है। न्यायालय की टिप्पणियों का हवाला देते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अगर ममता बनर्जी में 'जरा सी भी शर्म' बची है, तो उन्हें तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाटिया ने आरोप लगाया, "उच्चतम न्यायालय ने ममता बनर्जी को उनके अराजकतावादी रवैये के लिए फटकार लगाई। हमने देखा कि कैसे ममता बनर्जी ने ईडी अधिकारी को कोयला घोटाले की जांच करने से रोका और सबूतों को नष्ट करने की कोशिश की। ममता बनर्जी जंगल राज का पर्याय और अराजकता का प्रतीक बन गई हैं।"
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के लोग बनर्जी से तंग आ चुके हैं। भाटिया ने कहा, "23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा और पश्चिम बंगाल के लोग एक बड़े बदलाव की मांग कर रहे हैं। वे इसी के लिए वोट देंगे। ममता बनर्जी का जंगल राज अब और नहीं चलेगा। लोग उन्हें सबक सिखाएंगे। 04 मई को ममता बनर्जी का जंगल राज समाप्त हो जाएगा।" बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को होने जा रहा है। मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना 04 मई को होगी।
ये भी पढ़ें-