1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पीएम मोदी की रैली में नहीं शामिल होंगे दिलीप घोष, कहा- 'मुझे न्योता नहीं मिला'

पीएम मोदी की रैली में नहीं शामिल होंगे दिलीप घोष, कहा- 'मुझे न्योता नहीं मिला'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jul 17, 2025 11:31 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 11:31 pm IST

दिलीप घोष ने कहा कि जोन के अनुसार निमंत्रण भेजे गए हैं। ऐसे में जब पीएम मोदी कोलकाता आएंगे तो उन्हें जरूर बुलाया जाएगा। हालांकि, पश्चिम बंगाल बीजेपी में गुटबाजी लंबे समय से परेशानी बनी हुई है।

PM modi and Dilip gosh- India TV Hindi
पीएम मोदी के साथ दिलीप घोष Image Source : X/DILIPGOSH

पश्चिम बंगाल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष गुरुवार को पीएम मोदी की रैली में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता नहीं मिला है। दिलीप का यह बयान भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं के बीच बढ़ती दरार का एक नया संकेत है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने गुरुवार को कहा कि वह दुर्गापुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा में शामिल नहीं होंगे। घोष ने बताया कि उन्हें रैली में आमंत्रित नहीं किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को बिहार के बाद पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। वह दुर्गापुर में भाजपा की एक रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले राज्य में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में वह 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री की दुर्गापुर रैली को 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले एक प्रमुख राजनीतिक कार्यक्रम माना जा रहा है। इसमें पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

मेहमानों की लिस्ट से गायब घोष का नाम

एक समय बंगाल में भाजपा के आक्रामक अभियान का चेहरा रहे घोष को अहम राजनीतिक कार्यक्रम से बाहर रखने से पार्टी में कथित रूप से पनप रही गुटबाजी फिर से सुर्खियों में आ गई है। घोष ने कहा, ‘‘मैं (रैली में) नहीं जा रहा हूं, क्योंकि मुझे आमंत्रित नहीं किया गया है। मेरी समझ से निमंत्रण जोन के अनुसार भेजे गए हैं। इसलिए मुझे विश्वास है कि जब मोदीजी कोलकाता जोन में आएंगे तो मुझे आमंत्रित किया जाएगा।’’ पश्चिम बंगाल भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने पुष्टि की कि घोष मेहमानों की सूची में नहीं थे।

राहुल सिन्हा को भी नहीं मिला आमंत्रण

पहचान न बताने की शर्त पर बीजेपी पदाधिकारी ने कहा, ‘‘केवल दुर्गापुर-बर्धमान क्षेत्र के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। कोलकाता क्षेत्र में रैली होने पर उन्हें आमंत्रित किया जाएगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को भी इस बार आमंत्रित नहीं किया गया है।’’ राजनीतिक पर्यवेक्षकों का हालांकि कहना है कि एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में घोष की अनुपस्थिति को महज एक तकनीकी चूक से कहीं अधिक माना जा सकता है।

पश्चिम बंगाल बीजेपी में सब ठीक नहीं ?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार पार्टी सूत्रों ने स्वीकार किया कि घोष और नए प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के बीच हाल ही में सार्वजनिक रूप से एकता दिखाने के बावजूद, बंगाल भाजपा के उच्च स्तर पर सब कुछ ठीक नहीं है। पिछले सप्ताह भट्टाचार्य ने पार्टी के साल्ट लेक कार्यालय में घोष के साथ एक बैठक करके एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पहल की थी। हालांकि घोष ने भाजपा छोड़ने की किसी भी योजना से बार-बार इनकार किया है, लेकिन राजनीतिक अटकलों पर उनकी अब वायरल हो चुकी ‘‘जोल नेई, पोनाओ नेई (पानी नहीं, मछली नहीं)’’ टिप्पणी सहित सवालों पर उनकी व्यंग्यात्मक प्रतिक्रियाओं ने संशय को मजबूत किया है।

यह भी पढ़ें-

रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें बढ़ीं! गुरुग्राम ज़मीन घोटाले में ED ने दाखिल की चार्जशीट, जानिए पूरा मामला

इंफाल जा रही IndiGo की फ्लाइट में आई खराबी, 1 घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौटी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।