1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल में हिंसा को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बड़ा आदेश, अधिकारियों से जीरो टॉलरेंस बरतने को कहा

पश्चिम बंगाल में हिंसा को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बड़ा आदेश, अधिकारियों से जीरो टॉलरेंस बरतने को कहा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : May 06, 2026 06:37 am IST,  Updated : May 06, 2026 07:20 am IST

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सख्त कदम उठाया है। उन्होंने अधिकारियों से हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस बरतने को कहा है।

west bengal violence CEC gyanesh kumar- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में हिंसा पर चुनाव आयोग सख्त। Image Source : PTI

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजे के बाद बवाल का दौर जारी है। विजय जुलूस के दौरान टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं की भिड़ंत अब जानलेवा हो गई है। मंगलवार को कोलकाता के न्यूटाउन में बीजेपी कार्यकर्ता को पीट-पीट कर मार डाला गया। इस हत्या का आरोप टीएमसी समर्थक पर लगा है। बीजेपी कार्यकर्ता मधु मंडल की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया जिसको कंट्रोल करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कई अन्य जिलों से भी हिंसा की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में अब देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अधिकारियों को बड़ा निर्देश जारी किया है।

चुनाव आयोग ने क्या निर्देश दिया

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), कोलकाता पुलिस आयुक्त, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, साथ ही सभी जिला मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और पुलिस अधिकारियों को निरंतर गश्त बनाए रखने का आदेश दिया है।

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त, डीजीपी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को निर्देश दिया है कि वे पश्चिम बंगाल में किसी भी प्रकार की चुनावोत्तर हिंसा के प्रति जीरो टॉलरेंस सुनिश्चित करें।

कई जिलों में हो रही हिंसा

कोलकाता के राजारहाट-न्यू टाउन सीट में बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई तो कोलकाता के हॉग मार्केट में भारी बवाल हुआ। यहां टीएमसी दफ्तर को बुलडोजर से ढहा दिया गया। कोलकाता से सटे हावड़ा के जगतबल्लभपुर में टीएमसी कार्यालय में आगजनी की गई। टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने वीडियो शेयर करते हुए। बीजेपी समर्थकों पर आगजनी का आरोप लगाया है। राजधानी कोलकाता में सियासी हिंसा हुई तो वहीं, जलपाईगुड़ी, साउथ 24 परगना और आसनसोल में भी टीएमसी और बीजेपी समर्थकों में झड़प और आगजनी देखी गई।

ममता ने किया इस्तीफा देने से इनकार

पश्चिम बंगाल चुनाव में हार के बाद ममता बनर्जी ने सीएम पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मैं चुनाव में हारी नहीं, मुझे हराया गया है। ममता ने EVM की लूट का आरोप लगाया है। दूसरी ओर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को संविधान विरोधी बताया और कहा कि बंगाल की जनता का सम्मान करते हुए वे इस्तीफा दें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।