पश्चिम बंगाल के कांकसा शेरपुर इलाके के रहने वाले रेलवे कर्मचारी सुबीर चंद्र घोष अपनी पत्नी के साथ दो दिनों के लिए कोलकाता अपने बेटे से मिलने गए थे। जब वे घर वापस आए तो देखा कि बदमाशों ने उनका सब कुछ लूट लिया है। सुबीर चंद्र घोष ने बताया कि बदमाश 50 लाख रुपये से ज्यादा का सोना और कैश लूट ले गए हैं। इस घटना से पूरा परिवार डरा हुआ और दुखी है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को जब वह घर लौटे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर पूरा हंगामा मचा हुआ था। सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। परिवार ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। अब पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
50 लाख की चोरी का दावा
सुबीर चंद्र घोष ने दावा किया कि बदमाश उनके घर से 50 लाख रुपये से ज्यादा के सोने के गहने और कैश लेकर भाग गए। लंबे समय की बचत उनकी एक पल में खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि मैं बहुत बेबस महसूस कर रहा हूं। इस घटना के बारे में बताते हुए सुबीर चंद्र घोष ने जानकारी दी कि जब वह रविवार को कोलकाता से वापस घर लौटे थे तो उन्होंने देखा कि चोरों ने उनका पूरा घर खंगाला हुआ था। उनकी अलमारी टूटी हुई थी। बक्सा और पलंग भी टूटे हुए था। सोना, गहने और कैश सबकुछ गायब था। इस वारदात में चोर उनका लगभग सब कुछ लेकर भाग गए। परिवार वालों का दावा है कि लगभग 50 लाख रुपये के कैश और सोने की चोरी हुई है।
घटना की खबर मिलने के बाद कांकसा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस फिलहाल ये पता कर रही है कि बदमाश घर में कैसे घुसे और क्या उन्हें घर खाली होने के बारे में पहले से पता था? इसके अलावा आस-पास के CCTV फुटेज की जांच भी की जा रही है। पुलिस का शुरुआती अंदाजा है कि यह चोरी प्लान की गई थी। पुलिस इस घटना में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें जल्द से जल्द अरेस्ट करने की कोशिश में लगी है।
(पश्चिम बर्दवान से अनिर्बान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
पश्चिम बंगाल के स्पंज आयरन फैक्ट्री में विस्फोट, कम से कम पांच कर्मचारी घायल