1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के स्पंज आयरन फैक्ट्री में विस्फोट, कम से कम पांच कर्मचारी घायल

पश्चिम बंगाल के स्पंज आयरन फैक्ट्री में विस्फोट, कम से कम पांच कर्मचारी घायल

 Published : Jul 18, 2026 02:15 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 02:16 pm IST

पश्चिम बर्धमान जिले में एक स्पंज आयरन फैक्ट्री की भट्टी में धमाका हुआ, जिससे यूनिट के अंदर आग लग गई और कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गए।

पश्चिम बंगाल में स्पंज आयरन फैक्ट्री में धमाके से कम से कम 5 लोग घायल- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में स्पंज आयरन फैक्ट्री में धमाके से कम से कम 5 लोग घायल (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : FILE IMAGE

पश्चिम बर्धमान जिसे में  एक स्पंज आयरन फैक्ट्री की भट्टी में विस्फोट हो गया, जिससे यूनिट के अंदर आग लग गई और कम से कम पांच कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार देर रात जामुड़िया में हुई और विस्फोट की आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनी जा सकती थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धमाके के बाद फैक्ट्री के अंदर आग लग गई, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। अधिकारी के अनुसार, अब तक पांच कर्मचारियों को बचाया गया है और गंभीर हालत में अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अभी यह साफ नहीं है कि धमाके के समय भट्टी के पास कोई और भी था या नहीं।

जामुड़िया थाना प्रभारी बोले- स्थिति सुरक्षित होने पर ही शुरू होगा सर्च ऑपरेशन

जामुड़िया पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सौमेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा, 'जब तक तापमान कम नहीं हो जाता और इलाके को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक यूनिट के अंदर तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सकता।' पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि धमाके के बाद भट्टी के आसपास का तापमान कई डिग्री सेल्सियस बढ़ गया, जिससे बचाव अभियान बहुत मुश्किल हो गया।

स्थानीय लोगों का दावा है कि आठ से 10 कर्मचारी अभी भी लापता हैं और उनके फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि धमाके के असर से फैक्ट्री के पास बने घरों में दरारें आ गईं।

भाजपा नेता ने लगाया प्रबंधन की लापरवाही का आरोप

प्लांट में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए स्थानीय बीजेपी नेता दीप बंदोपाध्याय ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि या सुरक्षाकर्मी भी वहां मौजूद नहीं था। बंदोपाध्याय ने कहा, 'इतनी भयानक घटना के बावजूद, प्रबंधन का कोई भी व्यक्ति मौके पर नहीं दिखा। स्थानीय विधायक बिजन मुखोपाध्याय ने तुरंत एम्बुलेंस का इंतजाम किया ताकि घायलों को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके।' उन्होंने आगे आरोप लगाया कि फैक्ट्री के कर्मचारियों को असुरक्षित हालात में काम करने के लिए मजबूर किया जाता था और उन्होंने इस घटना की विस्तृत जांच की मांग की।

ये भी पढ़ें-

आसनसोल में बेकाबू मिनीबस ने पैदल यात्री को मारी टक्कर, फिर स्कूल वैन से भिड़ी; कई स्कूली बच्चे घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।