1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. हल्दिया नेफ्था पाइपलाइन में लगी भीषण आग पर 18 घंटे बाद पाया गया काबू, 1 की मौत, 20 से अधिक लोग घायल

हल्दिया नेफ्था पाइपलाइन में लगी भीषण आग पर 18 घंटे बाद पाया गया काबू, 1 की मौत, 20 से अधिक लोग घायल

 Published : Jul 01, 2026 02:06 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 02:06 pm IST

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स परिसर में नेफ्था की एक पाइपलाइन में लगी भीषण आग पर लगभग 18 घंटे बाद काबू पा लिया गया है।

हल्दिया अग्निकांड, Fire- India TV Hindi
नेफ्था पाइपलाइन में लगी पर पाया गया काबू Image Source : INDIA TV

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले से राहत भरी खबर सामने आ रही है। हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स परिसर में नेफ्था पाइपलाइन में लगी भीषण आग पर लगभग 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया गया है। हालांकि जगह को ठंडा करने का काम अब भी जारी है। अधिकारियों ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि की। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि तापमान बढ़ने से रोकने और पाइपलाइन के फटने की आशंका को टालने के लिए आसपास लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। बता दें कि मंगलवार तड़के लगी इस आग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए।

18 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी नेफ्था पाइपलाइन की आग, SDO जांच के आदेश

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'आग पर काबू पा लिया गया है। जगह को ठंडा करने का काम जारी है और यह सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं कि आग दोबारा न भड़के।' पुलिस वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 'हम सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। आग लगने के सटीक कारण का पता लगाना अभी जल्दबाजी होगी। विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।'

वहीं जिलाधिकारी निरंजन कुमार, पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा और स्थानीय विधायक प्रदीप बिजली ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। इस घटना से प्रभावित परिवारों को राहत शिविर में ठहराया गया है। पूर्व मेदिनीपुर जिला प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और यह जांच हल्दिया के उप-मंडलाधिकारी (एसडीओ) की निगरानी में की जा रही है।

कई घर भी जलकर हो चुके हैं खाक

बता दें कि आग लगने की सूचना सोमवार देर रात करीब 2.45 बजे मिली थी। आग इतनी भीषण थी कि हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए। घटनास्थल के पास रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सभी घायलों को हल्दिया उपमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  इनमें से पांच लोगों को बाद में तामलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया था।

ये भी पढ़ें-

बच्चों ने आम समझकर उठाया, बैग में रखते समय फट गया बम; 3 घायल

कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के घर पर पथराव, खिड़कियों के कांच टूटे, टीएमसी ने बीजेपी पर लगाया आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।