कोलकाताः पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक दक्षिण बंगाल में तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को उत्तर अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद, अगले तीन से चार दिनों में यह दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ेगा। इसके असर से कोलकाता और आसपास के इलाकों में गरज के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने शनिवार तक उत्तर बंगाल के जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है, साथ ही दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है।
40 किमी की रफ्तार से चलेगी हवाएं
मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण बंगाल के ज़िलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी। गुरुवार को शहर के पास साल्ट लेक इलाके में हुई भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और ट्रैफ़िक जाम हो गया, जिससे शाम को घर लौट रहे लोगों को परेशानी हुई। हालांकि, शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा के कारण राज्य सरकार की छुट्टी थी, इसलिए सड़कों पर ट्रैफ़िक काफ़ी कम
IMD के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे ज़्यादा बारिश अलीपुरद्वार में 105 मिमी दर्ज की गई। IMD के आंकड़ों के मुताबिक, सॉल्ट लेक में 69 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस दौरान राज्य के अन्य जिन इलाकों में अच्छी-खासी बारिश हुई, उनमें जलपाईगुड़ी (51 मिमी), डायमंड हार्बर (50 मिमी), बर्धमान (45 मिमी) और दार्जिलिंग (41 मिमी) शामिल है।
इन जिलों में आज बारिश का अनुमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार से रविवार तक कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के सभी ज़िलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। शुक्रवार सुबह के बुलेटिन के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, दोनों मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में बारिश का अनुमान है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ चल सकती हैं। हालाँकि, दक्षिण बंगाल में अभी भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है और इन ज़िलों के लिए रविवार तक 'येलो वॉर्निंग' जारी की गई है।
उत्तर बंगाल में बारिश कम हो गई है। शुक्रवार को सिर्फ़ जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की उम्मीद है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कूचबिहार जैसे ज़िलों में आंधी के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी कुछ बारिश हो सकती है। हालांकि, उत्तर के बाकी हिस्सों में भारी बारिश का कोई अनुमान नहीं है और शनिवार से उत्तर बंगाल के किसी भी ज़िले के लिए मौसम से जुड़ी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
ये भी पढ़ेंः बदल गया ममता बनर्जी की पार्टी का नाम, ऋतब्रत के दल को मिली नई पहचान; नया चुनाव चिह्न भी दिया गया
हनीमून पर गए कपल को बारबेक्यू का शौक पड़ा भारी, आग की चपेट में आने से दुल्हन 60% झुलसी