कालना: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कालना में गुरुवार को एक दुखद हादसे में एक परिवार के 3 लोगों की जान चली गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूटर पर सवार एक पिता, उसकी बेटी और भतीजी की एक बस से टक्कर हो गई, जिसके बाद तीनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मरने वालों की पहचान 54 साल के फराज मलिक, उनकी 20 साल की बेटी नूरजहां खातून और 18 साल की भतीजी फरहाना खातून के रूप में हुई है।
Related Stories
भतीजी ने अस्पताल में तोड़ा दम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नदनघाट के रहने वाले फराज मलिक अपनी बेटी और भतीजी के साथ कालना-नबद्वीप रोड पर कालना अस्पताल जा रहे थे। तभी धात्रीग्राम के पास बोरा स्वराजपुर में उनके स्कूटर की एक बस से जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को कालना अस्पताल पहुंचाया, जहां फराज मलिक और उनकी बेटी नूरजहां को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कॉलेज में पढ़ने वाली फरहाना खातून ने भी कुछ देर बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया
बताया जा रहा है कि पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। कालना ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी अतनु बोस ने बताया कि हादसे में कोई भी पीड़ित हेलमेट नहीं पहने हुए था। उन्होंने कहा, 'तीनों को सिर में गंभीर चोटें आई थीं। अगर वे हेलमेट पहने होते, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।' इस हादसे के बाद इलाके में गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय लोगों ने व्यस्त सड़क पर लापरवाही से गाड़ी चलाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।
पिछले हफ्ते हुई थी बड़ी सड़क दुर्घटना
बता दें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान शहर में सड़क हादसे में बिहार के 10 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 35 अन्य घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया था कि बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के रहने वाले तीर्थयात्री दक्षिण 24 परगना जिले के गंगासागर दर्शन के बाद लौट रहे थे, तभी पूर्वी बर्द्धमान जिले के फगुईपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर उनकी बस खड़े हुए ट्रक से टकरा गई। उन्होंने बताया था कि मृतकों में 8 पुरुष और 2 महिलाएं थीं।