कोलकाता। लोकसभा चुनावों के बाद टीएमसी नेताओं की गुंडागर्दी की खबरें सुर्खियों में आने के बाद ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की छवि सुधारने की कोशिश शुरू कर दी है। ममता ने अपनी पार्टी के भीतर जारी भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए चाबुक चलाना शुरू कर दिया है।
Related Stories
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं को चेताया कि जो सरकारी योजनाओं में या किसी अन्य तरह से भ्रष्टाचार में शामिल हैं उन्हें जेल भेजा जाएगा। राज्य की मुख्यमंत्री बनर्जी ने यह चेतावनी ऐसे समय दी है जब नदिया जिले में संगठन की बैठक हुई है जहां तृणमूल कांग्रेस को दो में से एक लोकसभा सीट पर भाजपा के हाथों हार झेलनी पड़ी।
नदिया जिले से एक वरिष्ठ तृणमूल नेता ने कहा, ‘‘’हमारी पार्टी प्रमुख ने हमें भ्रष्टाचार में शामिल होने के खिलाफ चेताया है और हमसे कहा है कि अगर हमने किसी से ‘कट मनी’ ली है तो उसे वापस किया जाए। उन्होंने हमसे कहा है कि अगर कोई सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए ‘कट मनी’ लेते हुए पाया गया तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’