पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई और उस पर सवार युवक जिंदा जल गया। पुलिस ने मृतक की पहचान एक फूड डिलीवरी कंपनी के प्रतिनिधि राहुल मंडल के रूप में की है।
कार ने कुछ और गाड़ियों को भी मारी टक्कर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना न्यू ब्रिज क्षेत्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारने से पहले कुछ और गाड़ियों को भी टक्कर मारी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
"पुलिस ने राहुल मंडल को बचाने का प्रयास नहीं किया"
हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने राहुल मंडल को बचाने का प्रयास नहीं किया, जो आग लगने के बाद रेलिंग के बीच फंसा हुआ था। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर पथराव भी किया।
पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने ही कार सवार यात्रियों को गाड़ी से बाहर निकाला। बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले की जांच की जा रही है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी, केंद्र ने दी 50-50 हजार टन अतिरिक्त यूरिया और डीएपी को मंजूरी
पंजाब में नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्रवाई, 9 परिवारों के घरों पर चला 'बुलडोजर'