पंजाब सरकार की ओर से चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत होशियारपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को देनोवाल खुर्द गांव में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 9 परिवारों के पांच घरों को ध्वस्त कर दिया।
होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक के अनुसार, गढ़शंकर थाना क्षेत्र में स्थित देनोवाल खुर्द गांव की पहचान मादक पदार्थ तस्करी के केंद्र के रूप में की गई थी। जांच में पाया गया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले करीब 9 परिवारों ने कथित तौर पर पंचायत की लगभग 13 मरला जमीन पर अवैध कब्जा कर अपने मकान बना रखे थे।
परिवारों के सदस्यों के खिलाफ 100 FIR
स्थानीय प्रखंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) ने इन संपत्तियों की पहचान की और उन्हें अवैध घोषित किया। इसके बाद, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन घरों को तोड़ने का अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि इन परिवारों के सदस्यों के खिलाफ कुल 100 प्राथमिकी दर्ज हैं, जिनमें से ज्यादातर एनडीपीएस अधिनियम (स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत हैं।
मादक पदार्थ, हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
एक अन्य खबर में, पंजाब के जालंधर में मादक पदार्थ और हथियार तस्करी का गिरोह चलाने के आरोप में बुधवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों के पास से 1.50 किलोग्राम हेरोइन और सात हथियार बरामद किए गए हैं।
डीजीपी ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जालंधर आयुक्तालय पुलिस ने एक बहुस्तरीय मादक पदार्थ एवं हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।" उन्होंने कहा कि इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वालों को बड़ा झटका लगा है। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
जब कर्नाटक के नेता बोले- बच्चों की खातिर 2800 कुत्तों को मार डाला, जेल भी जाना पड़े तो तैयार
आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, मामले को तीन जजों की बेंच के पास भेजा, कल होगी सुनवाई