1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी, केंद्र ने दी 50-50 हजार टन अतिरिक्त यूरिया और डीएपी को मंजूरी

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए खुशखबरी, केंद्र ने दी 50-50 हजार टन अतिरिक्त यूरिया और डीएपी को मंजूरी

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 13, 2025 10:59 pm IST,  Updated : Aug 13, 2025 11:01 pm IST

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को अतिरिक्त यूरिया और डीएपी खाद देने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला तब आया जब दिल्ली में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के सांसदों ने जे.पी. नड्डा से मुलाकात की।

केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को अतिरिक्त यूरिया और डीएपी खाद देने की दी मंजूरी- India TV Hindi
केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को अतिरिक्त यूरिया और डीएपी खाद देने की दी मंजूरी Image Source : CHHATTISGARH GOVERNMENT

छत्तीसगढ़ के किसानों को अब खरीफ सीजन में खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर केंद्र सरकार ने राज्य को अतिरिक्त यूरिया और डीएपी खाद देने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ को 50-50 हजार टन यूरिया और डीएपी खाद का अतिरिक्त आवंटन करने का निर्देश दिया है। यह फैसला तब आया जब दिल्ली में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के सांसदों ने जे.पी. नड्डा से मुलाकात की।

खाद की आपूर्ति को लेकर हुई चर्चा

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और सांसदों ने केंद्रीय मंत्री नड्डा को बताया कि खरीफ सीजन में धान की रोपाई और बियासी का काम जोरों पर है। इस समय किसानों को पौधों के बेहतर विकास और अच्छी पैदावार के लिए फास्फेटिक खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि जुलाई तक की निर्धारित सप्लाई योजना के अनुसार, छत्तीसगढ़ को यूरिया की 5.99 लाख मीट्रिक टन और डीएपी की 2.68 लाख मीट्रिक टन आपूर्ति होनी थी, लेकिन इसके मुकाबले क्रमशः 4.63 लाख और 1.61 लाख मीट्रिक टन ही मिल पाई थी।

अगस्त महीने के लिए यूरिया की 57,600 मीट्रिक टन और डीएपी की 36,850 मीट्रिक टन की सप्लाई निर्धारित है, लेकिन किसानों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए कृषि मंत्री ने 50-50 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए अधिकारियों को तुरंत अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।

खरीफ सीजन में खाद का भंडारण 

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ वर्ष 2025 के लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को यूरिया (7 लाख 12 हजार मीट्रिक टन), डीएपी (3 लाख 10 हजार मीट्रिक टन) और एमओपी (60 हजार मीट्रिक टन) का लक्ष्य दिया था। 11 अगस्त तक राज्य में 6 लाख 72 हजार मीट्रिक टन यूरिया, 2 लाख 14 हजार मीट्रिक टन डीएपी और 80 हजार मीट्रिक टन एमओपी का भंडारण हो चुका था।

वैकल्पिक उर्वरकों की व्यवस्था

अधिकारियों ने यह भी बताया कि डीएपी की कमी को पूरा करने के लिए वैकल्पिक उर्वरकों का भी भंडारण किया गया है। एनपीके के 1 लाख 80 हजार मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 2 लाख 37 हजार मीट्रिक टन और एसएसपी के 2 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 2 लाख 95 हजार मीट्रिक टन का भंडारण किया गया है, जिससे किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।