पूर्व बर्धमान/कालना: कालना शहर के रामेश्वरपुर इलाके में स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां स्थित 'बंधु लॉज' में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा है। जिसे लेकर लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां स्थानीय लोगों की भीड़ ने न सिर्फ लॉज को चारों तरफ से घेरा, बल्कि पुलिस प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी भी की। इस घटना से यहां की स्थिति इतनी ज्यादा तनावपूर्ण हो गई कि स्थानीय पुलिस के अलावा यहां केंद्रीय सुरक्षा बलों को भी मोर्चा संभालना पड़ा। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
स्थानीय लोगों ने लगाया देह व्यापार का आरोप
दरअसल पूर्व बर्धमान जिले के कालना शहर के रामेश्वरपुर इलाके स्थित एक लॉज में कथित रूप से देह व्यापार चलाए जाने के आरोप को लेकर सोमवार शाम इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि "बंधु लॉज" नामक इस लॉज में लंबे समय से अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ समय के लिए यह गतिविधि बंद हुई थी, लेकिन अब फिर से खुलेआम शुरू हो गई है।
गुस्साए लोगों ने जमकर किया विरोध प्रदर्शन
आरोपों से नाराज लोगों ने लॉज का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस मामले में शामिल लॉज मालिक और कर्मचारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और लॉज में कथित तौर पर चल रही सभी अवैध गतिविधियों पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए।
पुलिस ने तुरंत लिया एक्शन
सूचना मिलने पर कालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस लॉज के कई कर्मचारियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। एहतियात के तौर पर केंद्रीय बल के जवान भी मौके पर तैनात किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लॉज संचालक को कलना महकमा अदालत में पेश किया। वहीं, लॉज प्रबंधन ने देह व्यापार चलाने के सभी आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।
(कालना से बिजु मंडल की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: