वेस्ट बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पाथर प्रतिमा में हुए विस्फोट के मुख्य आरोपी को पुलिस ने बुधवार को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस विस्फोट में आठ लोग मारे गए थे। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी चंद्रकांत बानिक पटाखा निर्माण इकाई का मालिक है। इस सिलसिले में यह पहली गिरफ्तारी है, जबकि पुलिस फरार चल रहे बानिक के भाई की तलाश कर रही है। बता दें, सोमवार रात पाथर प्रतिमा के धोलाहाट में एक घर में गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया था, जिसमें कुल 8 लोगों की मौत हो गई थी।
'विस्फोट वाले घर से कुछ ही दूरी पर पटाखा निर्माण यूनिट'
पुलिस ने बताया कि पटाखा बनाने वाली यूनिट उस घर से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां सोमवार देर रात विस्फोट हुआ था। सुंदरबन जिले के पुलिस अधीक्षक कोटेश्वर राव ने कहा, "हमने इस विस्फोट के सिलसिले में मुख्य आरोपी चंद्रकांत बानिक को गिरफ्तार कर लिया है।" मिली जानकारी के अनुसार, बानिक से पूरी रात पूछताछ की गई और बुधवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
फॉरेंसिक स्पेशलिस्ट कर रहे यह जांच
पुलिस के एक दूसरे अधिकारी ने कहा, "फॉरेंसिक स्पेशलिस्ट इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या जिस घर में विस्फोट हुआ, उसके अंदर कच्चा माल (पटाखे बनाने के लिए) रखा गया था।" पाथर प्रतिमा में एक आवासीय मकान के अंदर गैस सिलेंडर फटने से चार बच्चों सहित एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई थी।
'घर में 11 सदस्य रहते थे'
सुंदरबन के पुलिस अधीक्षक ने बताया था कि जिस दो मंजिला घर में यह घटना हुई उसमें परिवार के 11 सदस्य रहते थे। उन्होंने यह भी कहा था, "यह तथ्य गलत है कि घर के अंदर पटाखा निर्माण इकाई संचालित की जा रही थी। यह एक आवासीय इमारत थी, वहां कोई पटाखा इकाई नहीं थी।" (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- किरेन रिजिजू ने बताया, वक्फ बोर्ड में कौन-कौन रहेगा? 4 से ज्यादा गैर मुस्लिम नहीं रहेंगे