पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में हुए हमले के बाद टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को कोलकाता के बेले व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों ने अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट की और उन पर अंडे भी फेंके। घायल भतीजे को देखने पहुंची ममता बनर्जी शनिवार रात कोलकाता के बेले व्यू अस्पताल के अंदर चिल्ला रही थीं, जो एक साइलेंट जोन है।
ममता ने अंग्रेजी में सीईओ प्रदीप टंडन पर चिल्लाया
ममता बनर्जी बेले व्यू अस्पताल के सीईओ प्रदीप टंडन पर चिल्ला रहीं थी। मैरून रंग की शर्ट पहने प्रदीप टंडन ममता के गुस्से को सुनते हुए देखे गए। इस दौरान अस्पताल के अन्य लोग और डॉक्टरों की टीम उनके साथ थी। ममता बनर्जी के अंग्रेजी में जोर-जोर से चिल्लाने का वीडियो भी सामने आया है।
ममता ने खड़े किए सवाल
वहीं, ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल में इलाज को लेकर सवाल उठाए। ममता बनर्जी ने कहा कि यदि अभिषेक को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं थी तो उन्हें पहले गहन चिकित्सा इकाई (ITU) में क्यों ले जाया गया और फिर दो घंटे तक निगरानी में क्यों रखा गया और कई डॉक्टरों जांच कराने की सलाह क्यों दी गई।
रात 11 बजे तक डॉक्टरों की निगरानी में रहे अभिषेक
ममता बनर्जी के अनुसार, अभिषेक को रात करीब 8. 15 बजे से रात लगभग 11 बजे तक डॉक्टरों निगरानी में रखा गया। इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने उनके चेहरे, पीठ, छाती और गर्दन पर कई चोटें पाई थीं तथा हड्डी टूटने और आंतरिक चोटों की आशंका को खारिज करने के लिए जांच कराने की सलाह दी थी।
ममता ने सुरक्षा पर भी उठाए सवाल
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस को अभिषेक के दौरे की पूर्व जानकारी थी, फिर भी सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इलाज से जुड़े फैसलों पर किसी प्रकार का बाहरी दबाव नहीं होना चाहिए और यह अधिकार केवल डॉक्टरों का है।
ये भी पढ़ें:
अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में एक्शन, पुलिस ने मारपीट के आरोप में 5 लोगों को किया गिरफ्तार