1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ममता ने साधा केंद्र पर निशाना, कहा-'देश में भय का राज है, लोग अपनी बात रखने में असमर्थ'

ममता ने साधा केंद्र पर निशाना, कहा-'देश में भय का राज है, लोग अपनी बात रखने में असमर्थ'

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 21, 2020 04:16 pm IST,  Updated : Jul 21, 2020 06:57 pm IST

ममता ने कहा- देशभर में भय के राज के कारण लोग अपनी बात रखने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग राज्य को चलाएंगे, न कि बाहर के लोग।

ममता ने साधा केंद्र पर निशाना, कह-'देश में भय का राज है, लोग अपनी बात रखने में असमर्थ'- India TV Hindi
ममता ने साधा केंद्र पर निशाना, कह-'देश में भय का राज है, लोग अपनी बात रखने में असमर्थ' Image Source : ANI/TWITTER

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस की रैली में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देशभर में भय के राज के कारण लोग अपनी बात रखने में असमर्थ हैं। बंगाल के लोग राज्य को चलाएंगे, न कि बाहर के लोग। उन्होंने कहा- 'केंद्र सरकार यह कहते हुए बंगाल के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है कि हर दिन यहां हिंसा होती है ; लेकिन उत्तर प्रदेश के बारे में क्या, जहां ‘‘जंगल राज’’ है।'ममता बनर्जी ने कहा कि 2021 के विधानसभा चुनावों में बंगाल की जनता बीजेपी को प्रदेश से बिल्कुल बाहर कर देगी।तृणमूल कांग्रेस एकबार फिर से बंगाल में अपनी सरकार बनाएगी।

भाजपा देश की अब तक की तोड़फोड करने वाली सबसे बड़ी पार्टी

बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र ने बंगाल को संसाधनों से वंचित किया है और कहा कि जनता राज्य के साथ किये गए अन्याय के लिए उसे उचित जवाब देगी। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार द्वारा बंगाल की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और धनबल का इस्तेमाल करके एक षड्यंत्र रचा जा रहा है। भाजपा देश की अब तक की तोड़फोड करने वाली सबसे बड़ी पार्टी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब देश कोविड-19 महामारी से लड़ने में व्यस्त है, भाजपा मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान और पश्चिम बंगाल की चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने में व्यस्त है।’’ 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजराती मूल की ओर इशारा करते हुए राजस्थान में राजनीतिक उथल-पुथल को लेकर केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, ‘‘गुजरात को सभी राज्यों पर शासन क्यों करना चाहिए? संघीय ढांचे की क्या जरूरत है? एक राष्ट्र-एक पार्टी प्रणाली बना दें।’’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे देश में ‘‘भय का माहौल’’ व्याप्त है। बनर्जी ने लोगों से कहा कि वे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को वोट दें। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य पर बाहरी और गुजरात के लोग नहीं बल्कि बंगाल के लोग शासन करेंगे। हमें यह सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए कि भाजपा के सभी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाए।’’ 

तृणमूल कांग्रेस 1993 में तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ बनर्जी के नेतृत्व में एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में 13 लोगों की मौत की याद में हर साल 21 जुलाई को 'शहीद दिवस' रैली आयोजित करती है। कोविड-19 के प्रसार पर रोक के लिए लगायी गई पाबंदियों के मद्देनजर यह रैली पहली बार आनलाइन आयोजित की गई। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।