1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. आतंकी संगठनों से संबंध... NIA ने MBBS के छात्र को बंगाल से किया गिरफ्तार, अल-फलाह विश्वविद्यालय से निकला कनेक्शन

आतंकी संगठनों से संबंध... NIA ने MBBS के छात्र को बंगाल से किया गिरफ्तार, अल-फलाह विश्वविद्यालय से निकला कनेक्शन

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Nov 15, 2025 11:34 pm IST,  Updated : Nov 15, 2025 11:37 pm IST

एनआईए की टीम ने बंगाल के दीनाजपुर जिले से MBBS छात्र को गिरफ्तार किया है। एनआईए की टीम आरोपी मेडिकल छात्र से पूछताछ कर रही है। वह शादी में शामिल होने घर आया हुआ था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (NIA) ने आतंकवादी संगठनों से जुड़े एक एमबीबीएस छात्र को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान जानिसुर आलम उर्फ निसार आलम के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अल-फलाह विश्वविद्यालय का एमबीबीएस छात्र है और लुधियाना का रहने वाला है। 

शादी में शामिल होने आया था आरोपी

पुलिस ने कहा कि छात्र के परिवार का संबंध उत्तर दिनाजपुर के डालखोला के पास स्थित कोनाल गांव से है। अधिकारी ने कहा कि छात्र को शुक्रवार सुबह सुरजापुर बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आलम को सुरजापुर बाजार से उसके पैतृक घर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौटते समय एनआईए के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। 

अल-फलाह विश्वविद्यालय का है छात्र

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'यह युवक हरियाणा के अल-फलाह विश्वविद्यालय का मेडिकल पाठ्यक्रम का छात्र है। वह अपनी मां और बहन के साथ अपने पैतृक घर पर शादी समारोह में शामिल होने आया था। एनआईए के अधिकारियों ने मोबाइल टॉवर लोकेशन के जरिये उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।' 

दिल्ली विस्फोट मामले को लेकर हो रही जांच

उन्होंने कहा, 'हमें अभी यह पता लगाना है कि दिल्ली विस्फोट से उसका कोई सीधा संबंध है या नहीं। उसके पास से डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।' आरोपी को विस्तृत पूछताछ और जांच के लिए सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा है। 

जानिए क्या बोले परिवार के लोग?

रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों ने बताया कि निसार शांत स्वाभाव और पढ़ाई में रुचि रखने वाला व्यक्ति है और ऐसी किसी भी घटना से उसका कोई स्पष्ट संबंध नहीं था। आरोपी के चाचा ने कहा, 'वह बहुत ही शांत स्वभाव वाला और विनम्र युवक है, हमेशा अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहता है और किसी और चीज में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाता। यह सोचना भी अविश्वसनीय है कि उसका किसी विस्फोट से कोई संबंध हो सकता है।' निसार की मां ने दावा किया कि उनका बेटा हमेशा से कानून का पालन करता रहा है और उसपर लगे आरोप समझ से परे हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।