1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. एक नाम, एक आधार नंबर! एक महिला के फिंगरप्रिंट से दूसरी के खाते से निकल गए हजारों रुपये

एक नाम, एक आधार नंबर! एक महिला के फिंगरप्रिंट से दूसरी के खाते से निकल गए हजारों रुपये

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 06, 2026 03:47 pm IST,  Updated : Sep 06, 2026 03:55 pm IST

बंगाल में एक महिला ने दूसरी महिला के खाते से पैसे निकाल लिए। हालांकि, जिस महिला ने पैसे निकाले, उसका दावा है कि उसने अपने ही आधार नंबर और फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करके ऐसा किया था।

पीड़ित महिला की तस्वीर- India TV Hindi
पीड़ित महिला की तस्वीर Image Source : REPORTER

पूर्व बर्धमान: पश्चिम बंगाल में पूर्व बर्धमान जिले के खंडघोष और रायना-1 ब्लॉक में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो महिलाओं का नाम एक ही है और दावा है कि उनके 12 अंकों वाले आधार नंबर भी हूबहू एक हैं। इतना ही नहीं, एक महिला के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर दूसरी महिला के बैंक खाते से 27 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामला खंडघोष ब्लॉक के बादुलिया और रायना-1 ब्लॉक के पलाशन इलाके का है।

महिला के खाते से निकाल लिया 27 हजार रुपये

जानकारी के अनुसार, पलाशन गांव की रहने वाली झर्णा दास 10 जुलाई को आधार कार्ड लेकर पलाशन बाजार स्थित साबिर मोबाइल प्वाइंट के सीएसपी में गई थीं। वहां अपने आधार नंबर और फिंगरप्रिंट के जरिए उन्होंने 10, 11 और 12 जुलाई को कुल 27 हजार रुपये निकाले।इसके बाद 3 अगस्त को अचानक आरबीआई की ओर से उक्त सीएसपी का अकाउंट बंद कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर साबिर मोबाइल प्वाइंट के संचालक शेख जाहिरुल ने संबंधित अधिकारियों और अपनी कंपनी से संपर्क किया। वहां से उन्हें बताया गया कि उनके सीएसपी के जरिए 27 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई है।

जाहिरुल ने पलाशन की झर्णा दास से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वह खुद सीएसपी में गई थीं और अपने आधार नंबर तथा फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर पैसे निकाले थे। यानी किसी गलत व्यक्ति को पैसे नहीं दिए गए थे। लेकिन इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। पता चला कि खंडघोष के बादुलिया गांव की रहने वाली एक अन्य झर्णा दास के बैंक खाते से ही सीएसपी के जरिए 27 हजार रुपये काटे गए थे।

मामले की जांच में सामने आया हैरान कर देने वाला मामला

मामले की जांच के लिए जाहिरुल ने बादुलिया स्थित वेस्ट बंगाल ग्रामीण बैंक की शाखा से संपर्क किया। वहां कथित तौर पर यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि बादुलिया की झर्णा दास और पलाशन की झर्णा दास के आधार नंबर के सभी 12 अंक एक समान हैं। एक ही नाम और एक ही आधार नंबर दो अलग-अलग महिलाओं के साथ कैसे जुड़ गया, इसे लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। खास बात यह है कि बायोमेट्रिक सत्यापन के बावजूद दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते से पैसे निकलने की घटना ने सीएसपी की पूरी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी दोनों पक्षों को दी गई। 3 सितंबर को दोनों महिलाएं वेस्ट बंगाल ग्रामीण बैंक की बादुलिया शाखा पहुंचीं। आपसी बातचीत के बाद मामले का समाधान किया गया और पलाशन की झर्णा दास ने बादुलिया की झर्णा दास के खाते में 27 हजार रुपये जमा कर दिए।

हालांकि, दोनों महिलाओं का आधार नंबर एक होने के दावे ने पूरे इलाके में सनसनी पैदा कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दो अलग-अलग लोगों के साथ एक ही आधार नंबर कैसे जुड़ा और बायोमेट्रिक सत्यापन के बावजूद दूसरे व्यक्ति के खाते से पैसे कैसे निकल गए।

रिपोर्ट- बीजू मंडल

ये भी पढ़ेंः 13 साल बाद छात्र की आंखों में लौटी रोशनी, प्रधान शिक्षक ने अपनी बचत से कराया इलाज; शिक्षक दिवस पर भावुक हुआ पिता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।