1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. PM मोदी ने बंगाल में घुसपैठ को लेकर कही बड़ी बात, TMC पर भी साधा निशाना; जानें 10 बड़ी बातें

PM मोदी ने बंगाल में घुसपैठ को लेकर कही बड़ी बात, TMC पर भी साधा निशाना; जानें 10 बड़ी बातें

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 22, 2025 08:37 pm IST,  Updated : Aug 22, 2025 11:47 pm IST

पीएम मोदी ने आज पश्चिम बंगाल में कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मुद्दों का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा। आइये जानते हैं पीएम मोदी की रैली से जुड़ी 10 बड़ी बातें।

पीएम मोदी ने बंगाल में जनसभा को किया संबोधित।- India TV Hindi
पीएम मोदी ने बंगाल में जनसभा को किया संबोधित। Image Source : X/BJP4INDIA

पीएम मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी ने इस दौरान पश्चिम बंगाल में घुसपैठ के मामले का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने एंटी करप्शन बिल के बारे में भी बात की। पीएम मोदी ने अपनी रैली के दौरान टीएमसी पर भी जमकर निशाना साधा। आइये पीएम मोदी के मन की बात से जुड़ी 10 बड़ी बातों के बारे में जानते हैं। 

PM मोदी की रैली की 10 बड़ी बातें-

  1. कोलकाता जैसे हमारे शहर भारत के इतिहास और हमारे भविष्य, दोनों की समृद्ध पहचान हैं। आज जब भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है, तब दमदम, कोलकाता जैसे शहरों की भूमिका बहुत बड़ी है।
  2. पश्चिम बंगाल आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े राज्यों में से एक है, इसलिए जब तक पश्चिम बंगाल का सामर्थ्य नहीं बढ़ेगा, तब तक विकसित भारत की यात्रा सफल नहीं हो पाएगी। BJP मानती है, BJP की श्रद्धा है- 'जब बंगाल का उदय होगा, तभी विकसित भारत बनेगा।'
  3. बंगाल में नेशनल हाईवे के निर्माण के लिए जितना पैसा कांग्रेस की UPA सरकार ने अपने 10 साल में दिया था। उससे 3 गुना से ज्यादा पैसा हमारी भारत सरकार ने बंगाल को दिया है। जो पैसा हम राज्य सरकार को सीधे भेजते हैं, उसका ज्यादातर हिस्सा यहां लूट लिया जाता है। वो पैसा TMC काडर पर खर्च होता है। 
  4. भ्रष्टाचार और अराजकता तृणमूल कांग्रेस के शासन की पहचान बन गए हैं। यह स्पष्ट है कि जब तक तृणमूल कांग्रेस सत्ता में रहेगी, पश्चिम बंगाल की प्रगति और विकास अवरुद्ध रहेगा।
  5. बंगाल में भी जनता तक सारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जरूरी है कि यहां भी भाजपा सरकार होनी चाहिए। ये अब तय है - TMC जाएगी, भाजपा आएगी। जब तक बंगाल में TMC की सरकार रहेगी... तब तक बंगाल का विकास अवरुद्ध रहेगा, रुका रहेगा। इसलिए आज बंगाल का जन-जन कह रहा है... TMC जाएगी तभी असली बदलाव आएगा।
  6. भाजपा जो संकल्प लेती है, वो सिद्ध करके दिखाती है। इसका ताजा प्रमाण अभी हमने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखा है। हमारी सेना ने सीमापार आतंकियों और आतंक के आकाओं के अड्डों को खंडहर में बदल दिया।
  7. भाजपा के पास पश्चिम बंगाल के विकास का एक ठोस प्लान है, एक रोडमैप है, लेकिन TMC-विकास की दुश्मन है। लोगों को असुविधा होती रहे, विकास ठप्प होता रहे, लेकिन TMC का मिशन जैसे-तैसे भाजपा को रोकना है, केंद्र की योजनाओं को रोकना है।
  8. इस बार लाल किले से मैंने देश की एक बहुत बड़ी चिंता की बात की है। ये चिंता घुसपैठ के बढ़ते खतरे की है। ये देश अब घुसपैठियों को ज्यादा नहीं सह सकता। घुसपैठियों को हम भारत में नहीं रहने देंगे, इसलिए भारत सरकार ने घुसपैठियों के खिलाफ इतना बड़ा अभियान चलाया हुआ है। मुझे हैरानी है कि TMC-कांग्रेस समेत कुछ राजनीतिक दल तुष्टिकरण के आगे घुटने टेक चुके हैं। ये राजनीतिक दल, सत्ता की भूख के लिए घुसपैठ को बढ़ावा दे रहे हैं।
  9. जिस प्रकार बॉर्डर के इलाक़ों में डेमोग्राफी बदली जा रही है, ये पश्चिम बंगाल में सामाजिक संकट भी पैदा कर रहा है। खासतौर पर किसानों से धोखाधड़ी करके उनकी जमीन और कब्जा किया जा रहा है, आदिवासियों को गुमराह करके उनकी जमीन हड़पी जा रही है। देश ये सहन नहीं कर सकता, इसको रोकना ही होगा।
  10. लोकसभा में भाजपा सरकार एक बहुत बड़ा एंटी करप्शन बिल लेकर आई है। आजकल कुछ लोग इतने गिरे हुए हैं कि जेल से भी सरकार चलाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री तक जेल जाते हैं और जेल से सरकार चलाते हैं। ये संविधान का और लोकतंत्र का सरासर अपमान है। मोदी, संविधान का ये अपमान होते हुए नहीं देख सकता। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।