1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. संदेशखाली में गवाह के बेटे की मौत हादसा या साजिश? शाहजहां शेख पर लगा हत्या का आरोप

संदेशखाली में गवाह के बेटे की मौत हादसा या साजिश? शाहजहां शेख पर लगा हत्या का आरोप

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 11, 2025 10:34 pm IST,  Updated : Dec 11, 2025 10:34 pm IST

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख पर गवाह के बेटे सत्यजीत घोष की हत्या कराने का आरोप लगा है। ट्रक हादसे में सत्यजीत और ड्राइवर की मौत हुई, जबकि गवाह भोलानाथ घोष ने इसे साजिश करार दिया। परिवार और विपक्ष सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

शाहजहां शेख पर गवाह के...- India TV Hindi
शाहजहां शेख पर गवाह के बेटे की हत्या कराने का आरोप लगा है। Image Source : PTI FILE

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के संदेशखाली इलाके से एक बार फिर बुरी खबर आई है। यहां तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां शेख पर एक और बड़ा आरोप लगा है। शाहजहां शेख पहले से ही हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार और हिंदुओं की जमीनों पर कब्जे के आरोप में जेल में बंद है। अब उस पर अपने खिलाफ मुकदमे में मुख्य गवाह भोलानाथ घोष के बेटे की हत्या कराने का इल्जाम लगा है। भोलानाथ घोष इस मामले में सबसे मजबूत गवाह हैं। घटना के मुताबिक, कल जब भोलानाथ घोष अपने बेटे सत्यजीत घोष के साथ कोर्ट जा रहे थे, तभी गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में सत्यजीत घोष और कार के ड्राइवर की मौत हो गई।

शाहजहां शेख का करीबी है ट्रक ड्राइवर

भोलानाथ घोष ने आरोप लगाया है कि ट्रक का ड्राइवर अलीम मुल्ला शाहजहां शेख का करीबी है। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि शाहजहां शेख के इशारे पर की गई सोची-समझी साजिश है। भोलानाथ का कहना है कि उनके बेटे की मौत दुर्घटना में नहीं हुई, बल्कि यह एक सुनियोजित हत्या है। उन्होंने कहा, 'खून तो हुआ है। वह (शाहजहां शेख) जेल से यह सब करा रहा है। मुझे इस समय यह चिंता है कि कहीं वह मेरे पूरे परिवार को न खत्म कर दे। मैंने आज शिकायत दे दी है। पुलिस इसको जरूर देखेगी। MLA के साथ बातचीत हुई है। वह मेरे छोटे भाई जैसा है। वह मेरे साथ है। शाहजहां शेख की वजह से मेरा पूरा घर लुट गया।'

Shahjahan Sheikh, Shahjahan Sheikh murder conspiracy, Bhola Nath Ghosh son death
Image Source : REPORTER INPUTट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मारी थी।

'अलीम मुल्ला के साथ मेरा बहुत पुराना रिश्ता नहीं'

भोलानाथ घोष ने कहा, 'हमारा बिजनेस का संबंध था। अलीम मुल्ला के साथ मेरा बहुत पुराना रिश्ता नहीं है। यह सब जमीन-जायदाद के मामले अलीमुल्ला देखता था। जबरन जमीन पर कब्जे करता था। अगर पुलिस प्रशासन सही तरीके से काम करती है तो सब सही रहेगा। मुझे लगता है कि शेर का दांत तोड़ दिया जाए तो वह शिकार नहीं कर पाएगा। चूंकि मैं शाहजहां के साथ कारोबार में जुड़ा हुआ था, इसलिए मार्च 2024 में एजेंसियों ने मुझे बुलाया था। सीबीआई और ईडी ने मुझे नोटिस देकर बुलाया था। अगर मैं नहीं जाता तो मुझे गिरफ्तार कर लेते। जितना मुझे पता था, वह सब मैंने उनको बता दिया।'

Shahjahan Sheikh, Shahjahan Sheikh murder conspiracy, Bhola Nath Ghosh son death
Image Source : REPORTER INPUTहादसे में कार के परखच्चे उड़ गए थे।

लोकल MLA के समर्थन के बाद पीड़ित ने कराई FIR

भोलानाथ घोष इस हादसे से इतने डरे हुए हैं कि शुरुआत में उन्होंने दुर्घटना की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई थी। लेकिन लोकल MLA के समर्थन के बाद आज वे पुलिस स्टेशन पहुंचे और FIR दर्ज कराई। इस मामले में कई ऐसी बातें हैं जो शक पैदा करती हैं। जिस ट्रक ने कार को टक्कर मारी, वह खाली था और गलत दिशा से आ रहा था। ट्रक का परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट खत्म हो चुका था। ट्रक का ड्राइवर इलाके का जाना-माना अपराधी है और शाहजहां शेख का करीबी बताया जा रहा है।

Shahjahan Sheikh, Shahjahan Sheikh murder conspiracy, Bhola Nath Ghosh son death
Image Source : REPORTER INPUTमुख्य गवाह भोलानाथ घोष और सोनाली घोष।

भोलानाथ की बेटी सोनाली घोष का दर्द

भोलानाथ घोष की बेटी सोनाली घोष ने कहा कि यह ट्रक उनके पिता और भाई को मारने के इरादे से भेजा गया था। उन्होंने कहा कि जेल में बैठा शाहजहां शेख यह सब करवा रहा है। सोनाली ने शाहजहां शेख को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, 'कल कोर्ट में पेशी की तारीख थी। शाहजहां शेख ने मेरे पिता के खिलाफ झूठा केस किया था। कोर्ट जाते समय एक खाली ट्रक ने टक्कर मार दी। वो दाहिनी तरफ से क्यों आया? वो गलत दिशा थी। शाहजहां शेख ने यह घटना करवाई है। मेरे छोटे भाई और ड्राइवर की मौत हो गई। मेरे पिता की हालत भी खराब है। यह घटना एक साजिश के तहत हुई है। मेरे पिता शाहजहां शेख के बिजनेस पार्टनर थे। उसने पैसों की वजह से हमें बदनाम किया।'

घटना पर विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाए

सोनाली ने कहा, '2020 में वह हमारा सबकुछ लूटकर ले गया। हम बेघर हो गए। मेरे भाई की एक छोटी बेटी है। हमें उसके बच्चों के लिए इंसाफ चाहिए। अगर कोई कानून है तो मुझे फांसी चाहिए। शाहजहां शेख और दूसरे लोग हैं, उन्हें सजा मिले।' इस घटना पर विपक्षी दलों ने भी सवाल उठाए हैं। पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने इसे राज्य प्रायोजित हत्या बताया। बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या लगती है। बता दें कि शाहजहां शेख रेप के आरोप में जेल में बंद है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन परिवार और विपक्ष सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।