पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भातार थाना क्षेत्र में पत्थरों से लदा एक डंपर हंप पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गया। डंपर ने पहले स्कूटी और टोटो को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हंप पार करते ही बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, हादसा भातार थाना क्षेत्र के मुरातीपुर उत्तर माझीपाड़ा में हुआ। बताया जा रहा है कि पत्थरों से लदा डंपर बादशाही रोड से मुरातीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान हंप पार करते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर अनियंत्रित हो गया।
स्कूटी और टोटो को मारी टक्कर
बेकाबू डंपर ने सबसे पहले एक स्कूटी और टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
मकान का हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
स्कूटी और टोटो को टक्कर मारने के बाद डंपर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भातार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे छूटा और हादसे की असली वजह क्या थी।
घायलों की हालत गंभीर
वहीं, हॉस्पिटल सूत्र के द्वारा जानकारी मिली है कि घायलों को भर्ती कराया गया है और जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने कुछ अधिक बताने से इनकार किया है। वहीं, स्थानीय पुलिस से इसकी जानकारी लेने पर बताया गया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की जानकारी प्राप्त की जा रही है किस कारण से यह दुर्घटना हुई है और दोषी को किसी तरह से बक्सा नहीं जाएगा।
(रिपोर्ट- बीजू मंडल)
ये भी पढ़ेंः आसनसोल में बेकाबू मिनीबस ने पैदल यात्री को मारी टक्कर, फिर स्कूल वैन से भिड़ी; कई स्कूली बच्चे घायल