कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने वीडियो पोस्ट करके सीएम शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधा है और उनसे ममता बनर्जी की सुरक्षा घटाने के मुद्दे पर सवाल पूछा है।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
टीएमसी ने वीडियो पोस्ट करके कहा, "राजनीतिक प्रतिशोध की एक चौंकाने वाली नई निम्नतम अवस्था। शुभेंदु, आखिर तुम क्या साजिश रच रहे हो? ममता की सुरक्षा में लंबे समय से तैनात सुरक्षाकर्मियों को हटाना प्रशासनिक कार्रवाई नहीं है, बल्कि उन्हें अलग-थलग करने और खतरे में डालने की एक सोची-समझी चाल है।"
टीएमसी ने कहा, "प्रतिशोध की राजनीति के प्रति तुम्हारा जुनून और असुरक्षा से प्रेरित सत्ता का दुरुपयोग तुम्हारे असली चरित्र को उजागर करता है। अगर छोटी राजनीति का कोई चेहरा होता, तो वह निस्संदेह तुम्हारा ही होता!"
टीएमसी नेता डेरेक ओब्रायन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा,"अभी हो रहा है। आज रात 9.30 बजे। ममता बनर्जी के साथ 20 साल से काम कर रहे PSO को कोलकाता में उनके घर से हटा दिया गया है। वह अंदर हैं। मैंने अपनी कार से एंट्री ब्लॉक कर दी है। कोई सिक्योरिटी नहीं है। यह वीडियो शूट किया है।"
हालही में ममता ने बीजेपी सरकार के खिलाफ किया था प्रोटेस्ट
इससे पहले टीएमसी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था, "हमारी माननीय चेयरपर्सन ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर, पूरे बंगाल में हॉकरों को गैर-कानूनी, अन्यायपूर्ण और बेहद अमानवीय तरीके से हटाए जाने के खिलाफ एक शांतिपूर्ण विरोध मार्च का नेतृत्व किया। बंगाल के लोग हमेशा सबसे पहले रहे हैं। उनके सम्मान, आजीविका और अधिकारों की रक्षा अटूट संकल्प के साथ की जाएगी, और इस लड़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सिर्फ सत्ता के लालच और आम नागरिकों की पूरी तरह अनदेखी करने वाली बेरहम बीजेपी की बंगाल सरकार जल्द ही अपनी ही जन-विरोधी नीतियों के बोझ तले गिर जाएगी!"
बता दें कि टीएमसी के अंदर लगातार बिखराव जारी है। टीएमसी में टूट हो रही है और बड़ी संख्या में नेता ममता बनर्जी के खिलाफ जा रहे हैं। एक समय था जब बंगाल में ममता बनर्जी की तूती बोलती थी लेकिन आज वह बेबस नजर आ रही हैं क्योंकि उनकी ही पार्टी में उनके खिलाफ एक बड़ा धड़ा तैयार हो गया है, जिसने पूरी पार्टी को बिखेरकर रख दिया है।