1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. टीएमसी में दो फाड़! बागी खेमे ने अरूप रॉय को चुना अपना अध्यक्ष, कई नेताओं को उपायुक्त और महासचिव भी बनाया

टीएमसी में दो फाड़! बागी खेमे ने अरूप रॉय को चुना अपना अध्यक्ष, कई नेताओं को उपायुक्त और महासचिव भी बनाया

 Published : Jun 23, 2026 06:37 am IST,  Updated : Jun 23, 2026 07:06 am IST

बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी में दो फाड़ हो गए। बागी गुट ने अपना नया अध्यक्ष चुन लिया है। बागी गुट ने दावा किया कि टीएमसी के 80 विधायकों में से 58 उनके साथ हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

तृणमूल कांग्रेस पर नियंत्रण की कोशिश में विपक्ष के नेता रीताब्रता बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने सोमवार को विधायक अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना। यह पार्टी संस्थापक ममता बनर्जी के प्राधिकार को अब तक की सबसे बड़ी चुनौती है। इस कदम से संकेत मिलता है कि विधानसभा से शुरू हुई और बाद में संसद तक फैली बगावत अब पार्टी के संगठनात्मक गढ़ तक पहुंच गई है। यहां बागी विधायकों, पार्षदों और अन्य नेताओं की मौजूदगी में एक विशेष सत्र को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि रॉय को सर्वसम्मति से पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। 

अरूप बिस्वास और सबीना यास्मीन को उपाध्यक्ष चुना गया

पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास और विधायक फिरहाद हकीम, रथिन घोष और सबीना यास्मीन को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि रीताब्रता बनर्जी, जावेद खान और संदीपन साहा को महासचिव बनाया गया। इस नये ढांचे के जरिये बागी गुट ने ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को राष्ट्रीय महासचिव के पद से प्रभावी रूप से हटा दिया है। रघुनाथगंज के विधायक अखरुज्जमां अंसारी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। 

पार्टी के संविधान के अनुसार की गई पूरी कार्यवाही

बैठक के बाद बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, 'तृणमूल कांग्रेस नेताओं और सदस्यों के विशेष सत्र में सर्वसम्मति से अरूप रॉय को पार्टी का अध्यक्ष चुना गया।' बागी गुट के नेता ने इस प्रक्रिया को वैध ठहराने की कोशिश करते हुए कहा कि पूरी कार्यवाही पार्टी के संविधान के अनुसार की गई है और विशेष सत्र का विवरण निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा। 

हम ही हैं तृणमूल कांग्रेस

उन्होंने कहा, 'यह असली या नकली होने का सवाल नहीं है। हम ही तृणमूल कांग्रेस हैं और आज के विशेष सत्र की कार्यवाही की जानकारी निर्वाचन आयोग को देंगे।' बनर्जी ने कहा, 'हमने पार्टी के नियमों के अनुसार काम किया है और यह विशेष सत्र आहूत किया है। क्या सही है और क्या गलत, इसका फैसला निर्वाचन आयोग करेगा।' उन्होंने बताया कि नवगठित नेतृत्व जल्द ही विभिन्न स्तरों पर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे का गठन शुरू करेगा। 

जल्द ही प्रवक्ताओं का होगा गठन

रीताब्रता बनर्जी ने कहा, 'हम जल्द ही जिला समितियों, प्रदेश इकाई और प्रवक्ताओं के एक पैनल का गठन करेंगे।' इस बीच, पुलिस ने बागी विधायकों की शिकायत पर पार्टी के तीन बैंक खातों में मौजूद करीब 440 करोड़ रुपये के लेन-देन पर भी रोक लगा दी है। ये शिकायतें वित्तपोषण के स्रोत को लेकर की गई थीं। 

80 में से 58 विधायकों ने किया बागी गुट का समर्थन

कुछ ही दिन पहले पार्टी के 80 विधायकों में से 58 ने विपक्ष के नेता पद के लिए रीताब्रता बनर्जी के दावे का समर्थन किया था और पार्टी नेतृत्व की पसंद को खारिज कर दिया था। बागी गुट का दावा है कि इसके बाद उनकी संख्या और बढ़ गई है। हाल में पार्टी को संसद में एक और झटका तब लगा जब उसके 28 में से 20 लोकसभा सदस्य तृणमूल संसदीय दल से अलग हो गए और उन्होंने नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय कर लिया, साथ ही भाजपा-नेतृत्व वाले राजग को समर्थन देने की घोषणा की। 

ये भी पढ़ें: 

लखनऊ अलीगंज अग्निकांडः गंभीर सवालों के घेरे में LDA, क्यों अवैध निर्माण पर बुलडोजर एक्शन को कर दिया था निरस्त?

लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे में 15 लोगों की मौत, सभी के नाम सामने आए, CM के निर्देश पर SIT का गठन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।