उत्तर 24 परगना : पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व का एक बड़ा सपना पूरा हुआ। वहीं राज्य में बीजेपी सरकार बनने के बाद मिनाखां के बीजेपी समर्थक विकास सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी प्रतिज्ञा पूरी करते हुए सिर के बाल और दाढ़ी मुंडवा ली।
2021 में हुई हिंसा के बाद लिया संकल्प
बताया गया कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी का समर्थन करने के कारण विकास सरदार को हिंसा का सामना करना पड़ा था। मिनाखां के बामनपुकुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पुटखाली गांव निवासी विकास सरदार को इसकी कीमत भी चुकानी पड़ी थी। उनके घर में तोड़फोड़ की गई थी। नतीजा ये हुआ कि उन्हें घर छोड़ना पड़ा। लंबे समय तक उन्हें घर छोड़कर रहना पड़ा।
इस घटना ने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया। उसी समय विकास सरदार ने संकल्प लिया था कि जब तक राज्य में बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। विकास अपने इस संकल्प पर अडिग रहे। उन्होंने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाई।
सरकार बनते ही पूरी की प्रतिज्ञा
आखिरकार 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सत्ता में आने और सरकार गठन के बाद विकास सरदार का संकल्प पूरा हुआ। उन्होंने बाल और दाढ़ी कटवाने का फैसला किया और अपनी प्रतिज्ञा पूरी की। इस अवसर पर गांव के सैकड़ों आम लोग और बीजेपी कार्यकर्ता-समर्थक उनके साथ मौजूद रहे।
ढाक-ढोल के साथ निकाला जुलूस
ढाक-ढोल बजाते और नाचते-गाते हुए जुलूस के रूप में सभी लोग पुटखाली गांव के एक छोर पर पहुंचे, जहां विकास सरदार ने अपने बाल और दाढ़ी मुंडवाकर सिर मुंडन कराया। इसके बाद उन्होंने नदी में स्नान किया और गेरुआ वस्त्र धारण कर खुशी से नाचते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया। विकास सरदार ने कहा कि राज्य में बीजेपी सरकार बनने से इलाके में शांति वापस आएगी। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख बीजेपी कार्यकर्ता उत्पल मंडल भी मौजूद थे।
बता दें कि बीजेपी ने हाल में हुए चुनाव में 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों पर बंपर जीत हासिल कर तृणमूल के किले को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हुआ। तृणमूल कांग्रेस केवल 890 सीटों तक सिमट कर रह गई। इस तरह से पूर्वी भारत में बीजेपी ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी चुनावी सफलता हासिसल की।
रिपोर्ट-बीजू मंडल, उत्तर 24 परगना