मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया। जंगीपुर के उमरपुर-बानीपुर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, कई वाहनों में आग लगा दी और राष्ट्रीय राजमार्ग 12 को जाम कर दिया। इस कानून, जिसे हाल ही में संसद ने पारित किया और राष्ट्रपति ने मंजूरी दी, के विरोध में देशभर में मुस्लिम समुदाय सड़कों पर उतर रहा है। मुर्शिदाबाद में स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया। प्रशासन ने जंगीपुर, रघुनाथगंज और सूते थाना क्षेत्रों में अगले 48 घंटों के लिए धारा 144 (BNS धारा 163) लागू कर दी है।
यहां आपको बता दें कि बड़ी खबर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से सामने आ रही है। यहां मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के विरोध में हिंसा शुरू हो गई है। मुर्शिदाबाद में 66 प्रतिशत से ज्यादा मुसलमान हैं। वहीं इस प्रदर्शन के बीच मुर्शिदाबाद में अभी-अभी पुलिस की गाड़ियों को भी तोड़ दिया गया है और जमकर आगजनी की गई है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने गई तो उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की टीम पर ही हमला कर दिया। यहां मुर्शिदाबाद के जंगीपुर में वक्फ कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया।
दरअसल, वक्फ कानून को वापस लेने की मांग को लेकर जंगीपुर पीडब्ल्यूडी मैदान से विरोध मार्च निकाला गया। जब जुलूस राष्ट्रीय राजमार्ग 12 को अवरुद्ध करने के लिए जंगीपुर से उमरपुर की ओर बढ़ा, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी के बाद विवाद शुरू हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस की टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। वहीं प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और पुलिस की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस स्थिति पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। बवाल के बाद प्रशासन ने मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में रघुनाथगंज थाने और सूते थाना के पूरे क्षेत्र में धारा 144 (BNS धारा 163) लागू कर दी है, जो कि अगले 48 घंटों तक प्रभावी रहेगी। (इनपुट- ओमकार)
यह भी पढ़ें-
हैदराबाद ब्लास्ट केस में हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, पांचों दोषियों की सजा रहेगी बरकरार
संपादक की पसंद