1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. संदेशखाली में TMC नेता के तालाब में हथियारों का जखीरा मिला, शेख शाहजहां के करीबी के घर STF की छापेमारी

संदेशखाली में TMC नेता के तालाब में हथियारों का जखीरा मिला, शेख शाहजहां के करीबी के घर STF की छापेमारी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 06, 2026 02:40 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 03:01 pm IST

पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार को नॉर्थ 24 परगना ज़िले के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता के घर के पास बने एक तालाब से हथियारों का एक बड़ा ज़खीरा बरामद किया।

तालाश से हथियार ले जाते सुरक्षाकर्मी- India TV Hindi
तालाश से हथियार ले जाते सुरक्षाकर्मी Image Source : REPORTER

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस के एक नेता के तालाब में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए। गुप्त सूचना मिलने पर STF के जवानों ने शनिवार सुबह संदेशखाली और आसपास के इलाकों में छापेमारी की। 

छापेमारी से पहले भी फरार हो गया रॉबिन दास

एसटीएफ की टीम टीएमसी नेता रॉबिन दास और उनके भाई गोपाल दास के घर संदेशखली गई। दोनों शेख शाहजहां के बहुत करीबी बताए जाते हैं। उनके घर और घर के आस-पास के इलाके के साथ-साथ तालाब की भी तलाशी ली गई। तालाब से मात्रा में हथियार बरामद हुए। माना जा रहा है कि ये हथियार इलाके में अशांति फैलाने के लिए जमा किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी से पहले ही रॉबिन दास और गोपाल दास इलाके से भाग गए थे।

ऑपरेशन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। अधिकारियों ने बताया कि बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है और दोनों भाइयों की तलाश शुरू कर दी गई। इन दोनों पर पहले भी स्थानीय निवासियों और राजनीतिक लोगों को डराने-धमकाने और हिंसा करने के आरोप लग चुके हैं।

रौउफन यासमीन मोल्ला के घर पर STF की रेड

वहीं, संदेशखाली में बड़ी मात्रा में हथियार बरामद होने के बाद जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में संदेशखाली-2 ब्लॉक पंचायत समिति की अध्यक्ष रौउफन यासमीन मोल्ला के घर भी STF ने छापेमारी की। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पंचायत समिति अध्यक्ष का नाम पहले भी कई विवादों और आरोपों में सामने आ चुका है। आरोप है कि चुनाव बाद हुई हिंसा और क्षेत्र में आतंक का माहौल बनाए रखने में उनकी अप्रत्यक्ष भूमिका रही थी।

इसके अलावा, वर्ष 2024 में राशन घोटाला मामले की जांच के दौरान जब ईडी ने शेख शाहजहां के सरबेड़िया आकुंजीपाड़ा स्थित घर पर छापेमारी की थी, तब जांच एजेंसियों के विरोध, प्रदर्शन और अधिकारियों पर हमले की घटनाओं में भी उनका नाम जुड़ा था। बाद में CBI ने भी उनसे पूछताछ के लिए तलब किया था। गौरतलब है कि संदेशखाली में हाल ही में दो तृणमूल नेताओं के तालाबों से हथियार बरामद होने के बाद पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब पंचायत समिति अध्यक्ष के घर STF की कार्रवाई को भी इसी जांच का हिस्सा माना जा रहा है।

रिपोर्ट- प्रबाल गोस्वामी, उत्तर 24 परगना 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।