1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. West Bengal Assembly Election 2026: भवानीपुर सीट पर क्या हैं सियासी समीकरण? जानें ममता के गढ़ का गुणा-गणित

West Bengal Assembly Election 2026: भवानीपुर सीट पर क्या हैं सियासी समीकरण? जानें ममता के गढ़ का गुणा-गणित

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Mar 05, 2026 09:51 am IST,  Updated : Mar 05, 2026 09:51 am IST

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। 2011 से अब तक यहां TMC का दबदबा कायम है। 2021 के उपचुनाव में ममता बनर्जी ने इस सीट से रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी।

West Bengal Assembly Election 2026, Bhabanipur Assembly Seat, Mamata Banerjee- India TV Hindi
भवानीपुर की सीट टीएमसी का गढ़ मानी जाती है। Image Source : INDIA TV

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट राज्य की सबसे प्रतिष्ठित और हाई-प्रोफाइल सीटों में गिनी जाती है। यह सीट कोलकाता की शहरी राजनीति का केंद्र मानी जाती है और लंबे समय से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ रही है। इस सीट ने कई बार राज्य की राजनीति की दिशा तय की है, चाहे 2011 का सत्ता परिवर्तन हो या 2021 का ऐतिहासिक उपचुनाव। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी भवानीपुर पर पूरे राज्य की नजरें टिकी रहेंगी।

2021 के उपचुनाव में ममता बनर्जी की ऐतिहासिक जीत

2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के बावजूद ममता बनर्जी नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी के हाथों चुनाव हार गई थीं, जिसके बाद उन्होंने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा था। इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल को रिकॉर्ड अंतर से हराया था। इसके साथ ही उनका मुख्यमंत्री पद पर बने रहना तय हो गया था। आइए, जानते हैं 2021 के उपचुनाव में इस सीट पर किसे कितने वोट मिले थे?

2021 उपचुनाव का परिणाम

  1. ममता बनर्जी (TMC): 85,263 वोट (71.90%)
  2. प्रियंका टिबरेवाल (BJP): 26,428 वोट (22.29%)
  3. श्रीजीब बिस्वास (CPI-M): 4,226 वोट (3.56%)
  4. NOTA: 1,453 वोट (1.23%)

2021 के विधानसभा उपचुनावों में ममता बनर्जी ने 58,835 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज कर भवानीपुर को एक बार फिर अपना अभेद्य किला साबित किया था।

2021 में हुई थी सोवंदेब की बड़ी जीत

2021 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से TMC उम्मीदवार सोवंदेब चट्टोपाध्याय ने जीत हासिल की थी।

2021 विधानसभा चुनाव परिणाम

  1. सोवंदेब चट्टोपाध्याय (TMC): 73,505 वोट (57.71%)
  2. रुद्रनील घोष (BJP): 44,786 वोट (35.16%)
  3. एमडी शादाब खान (कांग्रेस): 5,211 वोट (4.09%)
  4. NOTA: 1,570 वोट (1.23%)

इस चुनाव में भवानीपुर सीट पर 61.79 प्रतिशत मतदान हुआ था। बीजेपी ने यहां अपना वोट शेयर बढ़ाया, लेकिन TMC प्रत्याशी ने फिर भी बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

2016 में भी एकतरफा था मुकाबला

2016 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जीत दर्ज की थी, लेकिन यह जीत एकतरफा होने के बावजूद पिछले चुनावों की तुलना में कम अंतर से आई।

2016 का चुनाव परिणाम

  1. ममता बनर्जी (TMC): 65,520 वोट (47.67%)
  2. दीपा दासमुंशी (कांग्रेस): 40,219 वोट (29.26%)
  3. चंद्र कुमार बोस (BJP): 26,299 वोट (19.13%)
  4. NOTA: 2,461 वोट (1.79%)

इस चुनाव ने संकेत दिया था कि भवानीपुर में विपक्षी दलों की मौजूदगी बढ़ रही है, हालांकि TMC की बढ़त फिर भी बरकरार रही।

2011 के उपचुनाव में जीती थीं ममता

2011 में मुख्यमंत्री बनने के बाद ममता बनर्जी को संविधान के तहत 6 महीने के भीतर विधानसभा सदस्य बनना था। इसी कारण भवानीपुर सीट पर उपचुनाव कराया गया। इससे पहले विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करके TMC पहली बार सत्ता में आई थी।

2011 उपचुनाव परिणाम

  1. ममता बनर्जी (TMC): 73,635 वोट (77.46%)
  2. नंदिनी मुखर्जी (CPI-M): 19,422 वोट (20.43%)

2011 के उपचुनावों में ममता बनर्जी ने सत्ता की लहर पर सवार होकर भवानीपुर में कुल 77.46 फीसदी वोटों पर कब्जा किया था, और अपनी लोकप्रियता पर बड़ी मुहर लगाई थी।

2011 में आए थे ऐतिहासिक नतीजे

2011 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से TMC के सुब्रत बख्शी ने जीत दर्ज की थी। इसी चुनाव के नतीजे के बाद पश्चिम बंगाल में 34 साल का वाम शासन समाप्त हुआ था।

2011 विधानसभा चुनाव परिणाम

  1. सुब्रत बख्शी (TMC): 87,903 वोट (64.77%)
  2. नारायण प्रसाद जैन (CPI-M): 37,967 वोट (27.98%)
  3. राम चंद्र जायसवाल (BJP): 5,078 वोट (3.74%)

भवानीपुर में कैसे बनेंगे जीत के समीकरण?

2026 में भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला फिर से TMC और BJP के बीच केंद्रित रहने की संभावना है। इस सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की व्यक्तिगत लोकप्रियता सबसे बड़ा फैक्टर मानी जाती है। शहरी मध्यम वर्ग और बुद्धिजीवी मतदाताओं का रुझान परिणाम तय करने में अहम होगा। बीजेपी की शहरी रणनीति, कानून-व्यवस्था और शहरी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी प्रभाव डालेंगे। महिला मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी निर्णायक साबित हो सकती है। भवानीपुर सिर्फ एक सीट नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की सियासत का प्रतीक है, जहां इस पार कड़े टक्कर की उम्मीद की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।