1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 200 से ज्यादी सीटें, टीएमसी का हाल बेहाल, ममता भी हारीं

West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 200 से ज्यादी सीटें, टीएमसी का हाल बेहाल, ममता भी हारीं

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Updated : May 04, 2026 11:37 pm IST

West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। वहीं, टीएमसी 100 से भी कम सीटों पर सिमट गई है।

पश्चिम बंगाल में बहुमत की ओर बीजेपी। - India TV Hindi
पश्चिम बंगाल में बहुमत की ओर बीजेपी। Image Source : PTI/FILE

West Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। बंगाल बीजेपी के सबसे बड़े चेहरे शुभेंदु अधिकारी ने भी दोनों सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, लगातार तीन बार से सत्ता में आ रही तृणमूल कांग्रेस 100 सीटों का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाई। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। शुरुआती दो घंटे तक बीजेपी और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही थी, लेकिन धीरे-धीरे बीजेपी की सीटें बढ़ने लगीं और टीएमसी की सीटें कम हो गईं। अंत में दोनों पार्टियों की सीटों में जमीन आसमान का अंतर हो गया।

ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से हार गईं। ममता के नौ मंत्रियों को भी करारी हार झेलनी पड़ी। हालांकि, ममता बनर्जी ने बीजेपी पर 100 से ज्यादा सीटें लूटने का आरोप लगाया। टीएमसी ने मंगलवार को शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की भी बात कही है। वहीं, बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता जीत के जश्न में डूबे हुए हैं। पीएम मोदी ने इस जीत के लिए बंगाल की जनता का आभार जताया है।

West Bengal Election Result:

Auto Refresh
Refresh
  • 11:30 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बीजेपी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतीं

    बीजेपी के खाते में 206 सीटें गई हैं। वहीं, टीएमसी को 81 सीटें मिली हैं। कांग्रेस और हुमायूं कबीर की एजेयूपी को दो-दो सीटें मिली हैं। सीपीआईएम और एआईएसएफ को एक-एक सीटें मिली हैं।

  • 10:15 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    ममता बनर्जी पर कोई भरोसा नहीं करता- समिक भट्टाचार्य

    सीएम ममता बनर्जी के भवानीपुर सीट से हारने पर, राज्य बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, "यह तो होना ही था, भवानीपुर सीट बीजेपी के पक्ष में है। सीएम ममता बनर्जी पर कोई भरोसा नहीं करता और उन्होंने उन्हें रिजेक्ट कर दिया है।"

  • 8:43 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    ममता का आरोप- बीजेपी ने 100 सीटें लूट लीं

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ने 100 से ज्यादा सीटें लूट ली हैं। उन्होंने कहा, "अंदर मुझे मारा है, धक्का दिया है।" ममता ने कहा, "दोपहर 3 बजे से वे हमें पीट रहे हैं। मुझे मारा गया। सीसीटीवी बंद कर दिया गया था। हमारे किसी भी एजेंट को अंदर (काउंटिंग सेंटर) जाने की इजाजत नहीं थी। डीओ ने मुझे भरोसा दिलाया कि हमारे एजेंट को जाने दिया जाएगा, लेकिन उसके बाद वह कहीं भी नहीं मिले। मैंने हर जगह शिकायत की।"

  • 7:42 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    भवानीपुर में कांटे की टक्कर

    भवानीपुर विधानसभा सीट में बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी और टीएमसी की ममता बनर्जी के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही हैं। यहां कुल 20 राउंड में वोटों की गिनती होनी है। 17वें राउंड के बाद शुभेंदु अधिकारी 2282 वोट से आगे चल रहे हैं। इससे पहले लंबे समय तक ममता बनर्जी आगे चल रही थीं।

  • 6:43 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद सरकारी अधिकारियों को फाइलें सुरक्षित रखने का आदेश दिया गया है। चीफ सेक्रेटरी की तरफ से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि कोई भी जरूरी कागज या फाइल ऑफिस से हटाई/खराब न की जाए या किसी और तरह से बाहर न ले जाई जाए। बिना इजाजत के कॉपी/स्कैनिंग की नहीं होगी। इसके अलावा, सभी फाइलों/जरूरी कागजों/कम्युनिकेशन का ठीक से हिसाब रखा जाएगा। हेड ऑफ डिपार्टमेंट और डिपार्टमेंटल सेक्रेटरी खुद पक्का करेंगे कि इसका पूरी तरह से पालन हो। किसी भी तरह की गड़बड़ी के लिए पर्सनल जिम्मेदारी तय की जाएगी।

  • 6:19 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    पीएम मोदी ने जताई खुशी

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत पर खुशी जताते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा! 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद किए जाएंगे। जनता की ताकत की जीत हुई है और बीजेपी की अच्छे शासन की राजनीति की जीत हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति को नमन करता हूं। लोगों ने बीजेपी को शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों के सपनों और उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करेगी। हम ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को मौका और सम्मान देगी।" उन्होंने दूसरे पोस्ट में कार्यकर्ताओं को शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, "पश्चिम बंगाल में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत कई पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं की कोशिशों और संघर्ष के बिना मुमकिन नहीं थी। मैं उन सभी को सलाम करता हूं। सालों से, उन्होंने जमीन पर कड़ी मेहनत की है, हर तरह की मुश्किलों को पार किया है और हमारे विकास के एजेंडे के बारे में बात की है। वे हमारी पार्टी की ताकत हैं।"

  • 5:54 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी जीते

    शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में 9,000 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। राज्य में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद वह मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे हैं।

  • 5:20 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    दिनहटा में टीएमसी नेता पर हमला

    दिनहटा टाउन ब्लॉक में टीएमसी प्रेसिडेंट बिशु धर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमला किया। वह काउंटिंग सेंटर से बाहर निकले थे। बिशु धर ने कहा, "हम तृणमूल कांग्रेस के सदस्य हैं। हम हिम्मत से आगे बढ़ते हैं। मुझे पता था कि वे मुझ पर हमला करेंगे, फिर भी मैं अंदर चला गया। यह बीजेपी का कल्चर है।"

  • 4:53 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    राजभवन पहुंची ममता बनर्जी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राजभवन पहुंच चुकी हैं। चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल में बीजेपी बहुमत के आंकड़े के पार जा चुकी है। हालांकि, अधिकतर सीटों पर वोटों की गिनती पूरी नहीं हुई है। टीएमसी इस चुनाव में 100 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई।

  • 4:45 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    शाम 4.30 के बाद राजभवन जा सकती हैं ममता बनर्जी

    सूत्रों के अनुसार ममता बनर्जी आज शाम राजभवन जाएंगी। राज्यपाल से मुलाकात के लिए शाम 4.30 बजे के बाद का समय मांगा गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि तब तक बंगाल की अधिकतर सीटों के नतीजे आ जाएंगे।

  • 4:01 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    ममता बनर्जी भवानीपुर मतगणना केंद्र पहुंचीं

    ममता बनर्जी भवानीपुर मतगणना केंद्र पहुंच गई हैं। ममता और शुभेंदू अधिकारी काउंटिंग सेंटर में हैं। ऐसे में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह के तनाव की स्थिति को रोकने के लिए एक्स्ट्रा फोर्स ग्राउंड पर आई है। ममता ने आरोप लगाया कि उनके वोट लूटे जा रहे हैं।

  • 3:22 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    कूचबिहार में भिड़े बीजेपी और टीएमसी वर्कर

    पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। दिनहाटा में दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद सेंट्रल फोर्स के जवानों ने लाठीचार्ज किया।

  • 2:53 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दिनहाटा में बीजेपी-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प

    कूच बिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई है। हालांकि केंद्रीय बलों के जवानों ने लाठीचार्ज किया और हालात पर काबू पाया। फिलहाल सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। 

  • 2:39 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इंडी गठबंधन का अंत निश्चित: स्मृति ईरानी

    स्मृति ईरानी ने कहा, "पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने तथाकथित इंडी गठबंधन का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। न कोई विचारधारा, न कोई नेतृत्व, न कोई विश्वास! यह सत्ता के लिए किया गया एक असफल प्रयोग मात्र है। पूरे चुनाव के दौरान राहुल गांधी दिशा-निर्देश देने में असमर्थ रहे, न ही गठबंधन को एकजुट रख सके। सभी सहयोगी दल बिखर गए, फिर भी कोई ठोस रणनीति नहीं थी। बंगाल की जनता ने हिंसा, अराजकता और तुष्टीकरण की राजनीति को नकार दिया है। यह जनादेश विकास, स्थिरता और हमारे महान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के निर्णायक नेतृत्व में जनता के विश्वास को दर्शाता है। यह केवल एक जीत नहीं, बल्कि अवसरवादी गठबंधन और कमजोर नेतृत्व की करारी हार है। बंगाल ने रास्ता दिखा दिया है। इंडी गठबंधन का अंत निश्चित है।"

  • 2:22 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    आसनसोल के जामुड़िया में तनाव

    आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र के खास केंदा इलाके में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली है। यहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्टी कार्यालय में आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। इस मामले में आरोप भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

  • 2:10 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बहरामपुर में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पीछे

    मुर्शिदाबाद जिले की बहरामपुर विधानसभा सीट पर अधीर रंजन चौधरी पीछे हो गए हैं। पांच दौर की मतगणना पूरी होने के बाद भाजपा के सुब्रता मैत्रा 5,266 वोटों से आगे चल रहे हैं।

  • 1:56 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    गोविंदपुर में टीएमसी कार्यालय पर बम फेंकने का आरोप

    आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। यहां गोविंदपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर बम फेंकने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर भी आरोप बीजेपी कार्यकर्ताओं पर ही लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

  • 1:41 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    किसी TMC नेता के घर न जाएं: BJP

    बंगाल में जीत की ओर बढ़ रही बीजेपी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। बीजेपी ने कहा है कि जीत के जश्न में किसी भी टीएमसी नेता के घर ना जाएं और न ही नारेबाज़ी करें। बीजेपी ने कार्यकर्ताओं  से कहा है कि कार्यालय पर ही जीत का जश्न मनायें।

  • 1:27 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    ममता ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

    ममता बनर्जी ने कहा, "SIR के जरिए उन्होंने वोट लूटने की कोशिश की और अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर हम आगे हैं जिसे बताया नहीं जा रहा। सब गलत बताया जा रहा है। पूरी तरह चुनाव आयोग अपनी इच्छा से काम कर रहा है और उनके साथ सेंट्रल फोर्स भी है। सेंट्रल फोर्स के साथ पुलिस भी काम कर रही है। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं को कहती हूं कि मन खराब करने की जरूरत नहीं है, आप सूर्यास्त के बाद जीतेंगे। 2-4 राउंड की गिनती हुई है, 14-18 राउंड तक गिनती होती है, हम जीतेंगे। किसी को डरने की कोई जरूरत नहीं है।"

  • 1:17 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    खड़गपुर सदर से दिलीप घोष आगे

    खड़कपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार दिलीप घोष आगे चल रहे हैं। मलतीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर आगे चल रही हैं।

  • 12:58 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    आखिरी राउंड में टीएमसी ही जीतेगी: ममता बनर्जी

    मतगणना के बाद ममता बनर्जी का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने ने कहा कि हमें काउंटिंग सेंटर जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीएमसी के कार्यकर्ता काउंटिंग सेंटर्स को न छोड़ें। अभी सिर्फ 4 राउंड की गिनती हुई है। आखिरी राउंड के बाद टीएमसी ही जीतेगी। यह भाजपा का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी में ऐसी मशीनें मिली हैं जहां कोई मेल नहीं है, सेंट्रल फोर्स के जरिए हर तरफ से TMC पर अत्याचार हो रहा है।

  • 12:44 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

    ​पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के रुझानों में भाजपा जोरदार बढ़त बनाए हुए है। इस बीच पार्टी के उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया। उन्होंने पीएम मोदी की तस्वीर लेकर 'जय श्री राम' के नारे लगाए और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के समर्थन में तथा सत्तारूढ़ तृणमूल के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और राहगीरों को भी मिठाइयां बांटीं। भाजपा कार्यकर्ता अंकित जायसवाल ने कहा, ''नतीजे घोषित होने के बाद हम और बड़े स्तर पर जश्न मनाएंगे तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाएंगे।''

  • 12:25 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दुर्गापुर पश्चिम सीट पर बीजेपी आगे

    दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तृणमूल उम्मीदवार कबी दत्ता को 4,600 वोट मिले, वहीं बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोडुई को 6,861 वोट मिले। लक्ष्मण चंद्र घोडुई कबीदत्तर से 2,261 वोटों से आगे चल रहे हैं। 

  • 12:07 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सात बार के विधायक मानस भुइयां भाजपा उम्मीदवार से पीछे

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझान के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के नेता मानस रंजन भुइयां पश्चिम मेदिनीपुर जिले की साबंग विधानसभा सीट पर पीछे हैं। वह इस सीट से पहले सात बार चुनाव जीत चुके हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार को पांचवें दौर की मतगणना के बाद साबंग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अमल कुमार पांडा 1,958 मतों से आगे हैं। राज्य के मंत्री भुइयां इससे पहले चार बार तृणमूल उम्मीदवार के रूप में और तीन बार कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर चुके हैं

  • 11:50 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जुलूस को लेकर कोलकाता पुलिस ने दिए निर्देश

    कोलकाता पुलिस ने कहा, "पश्चिम बंगाल विधानसभा के आम चुनाव की मतगणना प्रक्रिया को देखते हुए, कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में सार्वजनिक व्यवस्था, शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए, यह सूचित किया जाता है कि 4 मई, 2026 को चुनाव परिणामों के संबंध में कोई भी विजय जुलूस, रैली या सार्वजनिक उत्सव आयोजित नहीं किया जाएगा। यह प्रतिबंध सभी राजनीतिक दलों या समूहों पर समान रूप से लागू होगा। यदि कोई विजय जुलूस निकाला जाता है, तो वह 5 मई, 2026 या उसके बाद संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद ही निकाला जा सकता है। ऐसे सभी अनुमत जुलूसों को प्रचलित नियमों और दिशानिर्देशों तथा अनुमति में निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन करना होगा।"

  • 11:34 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भारी बहुमत से सत्ता में आएगी टीएमसी: गौतम दुबे

    सिलीगुड़ी के मेयर और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार गौतम देब ने कहा, "मेरी पार्टी राज्य स्तर पर बहुत ही आरामदायक जीत हासिल करने जा रही है। सिलीगुड़ी मेरा गृह नगर है, मेरी मातृभूमि है। मैंने अपना पूरा जीवन सिलीगुड़ी के विकास के लिए समर्पित कर दिया है। मैं यहां से पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने पूरी ईमानदारी, गरिमा और निष्ठा के साथ काम किया है। मुझे उम्मीद है कि सिलीगुड़ी के लोग भारी संख्या में मेरा समर्थन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आएगी।"

  • 11:14 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जनता बनाम ममता का चुनाव: समिक भट्टाचार्य

    BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”

  • 11:06 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    टीएमसी ने मतगणना एजेंटों को मतदान केंद्रों में प्रवेश देने में देरी का आरोप लगाया

    तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार शशि पांजा ने आरोप लगाया कि चुनाव कर्मी शहर में मतगणना केंद्रों पर राजनीतिक दलों के अधिकृत एजेंटों को प्रवेश देने में देरी कर रहे हैं। पांजा ने दावा किया कि चुनाव कर्मियों को मतगणना केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी नहीं है। काकद्वीप से उम्मीदवार मंतूराम पाखिरा ने भी इसी तरह का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि केंद्र पर मतगणना एक घंटे की देरी से शुरू हुई। 

  • 10:57 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पश्चिम बंगाल में किसी भी विजय रैली की अनुमति नहीं: चुनाव अधिकारी

    पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम आने के बाद कहीं भी उम्मीदवारों की जीत का जश्न मनाने के लिए विजय रैलियों की अनुमति नहीं होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग उन शिकायतों की जांच कर रहा है जिनमें कहा गया है कि विभिन्न दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए। विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा, ''चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद आज राज्य में कहीं भी उम्मीदवारों की जीत का जश्न मनाने के लिए विजय रैलियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।'' उन्होंने कहा, ''हम पार्टी एजेंट के अपने केंद्रों तक नहीं पहुंच पाने के मामले की जांच कर रहे हैं। इसका जल्द समाधान हो जाएगा।'' 

  • 10:46 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भवानीपुर में ममता फिर पीछे

    भवानीपुर सीट पर एक बार फिर सुवेंदु अधिकारी आगे निकल गए हैं। ममता बनर्जी भवानीपुर में पीछे हो गई हैं। इस सीट पर ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। 

  • 10:34 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मालदा की 6 सीटों पर भाजपा, 4 सीटों पर TMC आगे

    मालदा जिले की मालतीपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर आगे चल रही हैं। मौसम नूर ने बताया, "हमें जनता पर भरोसा है और नतीजे सब कुछ बता देंगे। मुझे जीत का पूरा विश्वास है।" मालदा जिले की छह विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगे है, जबकि तृणमूल को चार सीटों पर बढ़त हासिल है।

  • 10:27 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भवानीपुर में ममता बनर्जी एक बार फिर आगे

    भवानीपुर विधानसभा सीट पर ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। पहले चरण की मतगणना में ममता बनर्जी को 3666 वोट मिले हैं। वहीं सुवेंदु अधिकारी को 1670 वोट मिले हैं। 

     

  • 10:22 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हिंदू एकजुटता दिख रही: सुवेंदु अधिकारी

    शुरुआती रुझानों पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "इस बार हिंदू एकजुटता दिख रही है, और जिस तरह मुसलमान टीएमसी को वोट देते हैं, वैसा उन्होंने इस बार नहीं किया है। कुछ वोट मुस्लिम समर्थक पार्टी को मिले हैं। भाजपा को भी कुछ वोट मिले हैं, हालांकि कम मात्रा में। मुझे नंदीग्राम के मुस्लिम बहुल बूथ पर इतने अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अपने नेतृत्व में बंगाल के निर्माण का जो वादा किया गया है, वह उनके पक्ष में रहा है। इतनी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। मैं आपको सुबह 11:00 बजे के बाद बताऊंगा।"

  • 10:16 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जीत का भरोसा है: हुमायूं कबीर

    आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा, "मुझे अपनी जीत का पूरा भरोसा है। चुनाव आयोग ने बहरामपुर में पांच सीटों पर मतगणना की व्यवस्था कर दी है, व्यवस्थाएं अच्छी हैं। सब कुछ ठीक होना चाहिए। चलिए चार-पांच घंटे इंतजार करते हैं, तब तक सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।"

  • 10:11 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    गोसाबा से बीजेपी के बिकारना नस्कर आगे

    गोसाबा सीट पर भी बीजेपी के बिकारना नस्कर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, दिनहाटा विधानसभा सीट से बीजेपी के अजय राय आगे चल रहे हैं।

  • 10:06 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    चौरंगी सीट पर शुरुआती रुझानों में टीएमसी आगे

    पश्चिम बंगाल की बागदा विधानसभा सीट पर टीएमसी की मधुपर्णा ठाकुर आगे चल रही हैं तो चौरंगी सीट पर भी टीएमसी की नयना बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं।

  • 10:01 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    आसनसोल साउथ में अग्निमित्रा पॉल की बड़ी बढ़त

    आसनसोल साउथ सीट से भी बीजेपी उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, माथाभंगा विधानसभा सीट पर बीजेपी के निशित प्रामाणिक आगे चल रहे हैं।

  • 9:53 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल की नोआपाड़ा सीट से बीजेपी के अर्जुन सिंह आगे

    पश्चिम बंगाल की नोआपाड़ा विधानसभा सीट पर अर्जुन सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं, भाटपाडा विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार और अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह आगे चल रहे हैं।

  • 9:48 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    झारग्राम, मोंतेश्वर और आसनसोल में बीजेपी आगे

    • झारग्राम से भाजपा के लक्ष्मीकांत साव आगे चल रहे हैं।
    • मोंतेश्वर से भाजपा के सैकत पांजा आगे चल रहे हैं।
    • आसनसोल से भाजपा की अग्निमित्रा पॉल आगे चल रही हैं।
  • 9:44 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बाघमुंडी, बनकुरा और दुर्गापुर पूर्व में BJP आगे

    • बाघमुंडी से भाजपा के रहिदास महतो आगे चल रहे हैं।
    • बनकुरा से भाजपा के निलादरी शेखर दाना आगे हैं।
    • दुर्गापुर पुर्ब से भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी आगे हैं।
  • 9:36 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दीदी थोड़ा आराम करें: सामिक भट्टाचार्य

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ट्वीट पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, "सभी जाग चुके हैं। हर जगह कार्यकर्ता जाग चुके हैं। हम चाहते हैं कि दीदी थोड़ा आराम करें। चुनाव अब खत्म हो चुका है। नतीजे आने ही वाले हैं। उतार-चढ़ाव तो होंगे ही। शुरुआती रुझान सामने आ चुके हैं। बयानबाजी करना, किसी के खिलाफ बोलना या चुप रहना हमारी संस्कृति के विपरीत है। हम ऐसा नहीं कर सकते।" उन्होंने कहा, "तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति, उसके हित, जिस तरह से तृणमूल कांग्रेस राजनीति को समझती है, वे उसी भाषा में बात करते हैं। लेकिन अगर हमने, मेरी पार्टी ने, कोई गलती की है, कोई व्यक्तिगत हमला किया है या घटिया टिप्पणी की है, तो मैंने चुनाव खत्म होते ही उसके लिए माफी मांग ली थी। मैं आज भी माफी मांगता हूं।"

  • 9:31 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पूरा भारत मोदीमय बन रहा है: सामिक भट्टाचार्य

    पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, "स्वतंत्रता के बाद से किसी भी बंगाली ने ऐसे चुनाव नहीं देखे हैं। इसलिए, आज हम अंतिम मोड़ पर आ गए हैं। बंगाल को इस चुनावी संस्कृति से मुक्ति पानी होगी। अगर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग पुराने चुनावी पैटर्न से मुक्त हो सकते हैं, तो हम क्यों नहीं?" उन्होंने आगे कहा, "पूरा भारत 'मोदीमय' बन रहा है। प्रधानमंत्री ने भारतीय राजनीति की परिभाषा ही बदल दी है। आज का धर्म लोकतंत्र है और आज की राजनीति विकास है। हम इसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।"

  • 9:29 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बैरकपुर सीट पर टीएमसी प्रत्याशी आगे

    उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं।

  • 9:26 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली आगे

    दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली आगे चल रही हैं।

  • 9:25 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    158 सीटों पर बीजेपी आगे

    पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। बीजेपी यहां 158 सीटों पर आगे चल रही है, तो वहीं टीएमसी 119 सीटों पर आगे है। यहां बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत है, जिससे आगे बीजेपी चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।