पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया और 207 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 80 सीटों पर सिमट गई है। सीएम ममता बनर्जी खुद अपनी सीट भी हार गई हैं। चुनाव परिणाम के बाद बंगाल में विवाद तब गहरा गया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कह दिया कि वह इस्तीफा नहीं देंगी। ममता बनर्जी ने कहा है कि वह राजभवन नहीं जाएंगी, इसका सवाल ही नहीं उठता। ममता ने कहा कि हम चुनाव नहीं हारे। यह हमें हराने की उनकी कोशिश है। आधिकारिक तौर पर, चुनाव आयोग के ज़रिए, वे हमें हरा सकते हैं, लेकिन नैतिक रूप से हम चुनाव जीत गए हैं। ममता के इस बयान के बाद अब भाजपा नेता दिलीप घोष ने उनपर निशाना साधा है।
एक दिन तो दुनिया छोड़नी है- दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार पर, खड़गपुर से भाजपा के विजयी उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "एक दिन तो दुनिया छोड़नी ही है, इसलिए गद्दी सिर्फ दो दिन की होती है। उन्हें इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि यह उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। जनता ने उन्हें 15 साल दिए, लेकिन उन्होंने भ्रष्टाचार और हिंसा के सिवा कुछ नहीं किया। लोगों का जीना हराम कर दिया। एक डॉक्टर बेटी का रेप और मर्डर किया गया। उसको न्याय तो नहीं मिला, उनकी मां को जिस भाषा से उनकी पार्टी के लोगों ने अपमान किया है, वह जनता भूली नहीं हैं, इसका हिसाब होगा।
सर्वोच्च स्थान पर संविधान है- समिक भट्टाचार्य
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'मैं इस्तीफ़ा नहीं दूंगी, मैं हारी नहीं हूं' वाले बयान पर कहा, "इस पर मैं कुछ बोलना नहीं चाहता हूं। संविधान में इसका प्रावधान है। जो कुछ है वो संविधान में है। सर्वोच्च स्थान पर संविधान है और जो कुछ होगा वो संविधान के दायरे से ही होगा।"
विधानसभा का कार्यकाल ही समाप्त हो जाएगा- तथागत रॉय
भाजपा नेता तथागत रॉय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर कहा- "मैंने ऐसी बातें कभी नहीं सुनीं और ना ही देखीं कि कोई चुनाव में हारने के बावजूद इस्तीफा देने से इंकार कर रहा है। क्या वे (ममता बनर्जी) यह नहीं समझती हैं कि विधानसभा का कार्यकाल ही समाप्त हो जाएगा। उसके बाद तो वे ऐसे भी मुख्यमंत्री नहीं रह सकती हैं। मुझे नहीं लगता कि उनकी दिमागी स्थिति ठीक है।"
कल्याण बनर्जी क्या बोले?
सीएम ममता बनर्जी के 'मैं इस्तीफा नहीं दूंगी, मैं हारी नहीं हूं' वाले बयान पर TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा- "पिछले 3 महीने से मॉडल कोड ऑफ़ कंडक्ट लागू है। सरकार कौन चला रहा है? चीफ़ सेक्रेटरी। तो, पिछले 3 महीने से, वह CM के तौर पर काम नहीं कर रही थीं। तो, इस्तीफे का सवाल ही क्या है?"
ये भी पढ़ें- ममता बनर्जी ने CM पद से इस्तीफा देने से किया इंकार, BJP ने चौतरफा घेरा, कहा- हार को विनम्रता से करें स्वीकार