1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ममता और अभिषेक बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा हटाई गई, रिव्यू मीटिंग में फैसला, कल सुबह से लागू होगा आदेश

ममता और अभिषेक बनर्जी की अतिरिक्त सुरक्षा हटाई गई, रिव्यू मीटिंग में फैसला, कल सुबह से लागू होगा आदेश

 Reported By: Onkar Sarkar Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 05, 2026 10:09 pm IST,  Updated : May 05, 2026 10:16 pm IST

पश्चिम बंगाल में एक रिव्यू मीटिंग में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को दी गई अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा वापस लेने का निर्णय किया गया है। यह अतिरिक्त सुरक्षा उन्हें कोलकाता पुलिस द्वारा मुहैया कराई जाती है।

Mamata banerjee- India TV Hindi
ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी Image Source : PTI

कोलकाता:  पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार से जहां ममता बनर्जी बेहद आहत हैं वहीं अब उनकी अतिरिक्त सुरक्षा भी हटाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को मिली Z+ कैटेगरी की सिक्योरिटी के अलावा राज्य सरकार की ओर से दी गई एक्सट्रा सिक्योरिटी हटा ली जाएगी। सूत्रों के मुताबिक बुधवार सुबह से यह आदेश लागू हो जाएगा।  कल सुबह 6.30 बजे तक सभी एक्स्ट्रा सिक्योरिटी वापस लेने के आदेश दिए गए हैं।

एक्स्ट्रा सिक्योरिटी वापस ली जाएगी

आज ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को मिली एक्स्ट्र सिक्योरिटी के बारे में एक रिव्यू मीटिंग हुई और उस मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि Z+ सिक्योरिटी के बाहर की एक्स्ट्रा सिक्योरिटी वापस ले ली जाएगी। इनमें खास हैं ममता बनर्जी के घर जाने वाली सड़क पर हरीश चटर्जी स्ट्रीट बैरिकेड, कालीघाट इलाके में अभिषेक बनर्जी का घर और कैमक स्ट्रीट ऑफिस के सामने से सिक्योरिटी वापस लेने का फैसला।

 ममता के आवास के बाहर लगे बैरिकेड आंशिक रूप से हटाए गए 

वहीं दक्षिण कोलकाता में हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर एक दशक से अधिक समय से लगे बैरिकेड मंगलवार को आंशिक रूप से हटा दिये गए। मंगलवार को पुलिसकर्मियों को नीले और सफेद रंग के बैरिकेड को हटाते हुए देखा गया, जिनके जरिये 30बी स्थित उनके आवास के पास की सड़क पर आम जनता की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया था। हालांकि, कोलकाता पुलिस की ओर से इस सिलसिले में कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें मंगलवार सुबह ममता के आवास के बाहर लगाए गए स्मार्ट बैरिकेड हटाने के निर्देश दिए गए। 

ममता के घर के आसपास बैरिकेड हटाए गए

अधिकारी के मुताबिक, आदेश में बैरिकेड हटाने की कोई वजह नहीं बताई गई है। उन्होंने कहा, "हमने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया है।" हालांकि, वहां पुलिस चौकी अभी भी मौजूद है, लेकिन इलाके में उच्च स्तरीय सुरक्षा तैनाती में स्पष्ट रूप से कमी आई है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कालीघाट इलाके में स्थित हरीश चटर्जी स्ट्रीट एक हाई सिक्योरिटी का इलाका रहा है। इस इलाके में प्रवेश करने वाले हर वाहन की जांच की जाती थी। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्हें (निवासियों) अपने घर की ओर जाने के लिए अक्सर पहचान पत्र दिखाने पड़ते थे। निवासी ने कहा कि हालांकि, मंगलवार सुबह प्रतिबंधों में काफी ढील दे दी गई और बैरिकेड को आंशिक रूप से हटा दिया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।