पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गया है। राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी। वहीं, आज 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर वोटिंग हुई। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में भी बंपर मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, राज्य में दूसरे चरण में 91 प्रतिशत से भी ज्यादा वोटिंग हुई है। चुनाव की समाप्ति के बाद भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा दावा किया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह भवानीपुर सीट पर 20 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज करेंगे। बता दें कि भवानीपुर से ही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी चुनाव लड़ रही हैं।
क्या बोले सुवेंदु अधिकारी?
पश्चिम बंगाल में चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि लोगों ने राज्य में बदलाव के लिए वोट किया है। उन्होंने ममता बनर्जी पर भी गंभीर आरोप लगाए। सुवेंदु ने कहा- "हिंदू मतदाताओं ने पहली बार खुलकर वोटिंग की, मुझे उम्मीद है कि उन्होंने परिवर्तन के लिए वोट किया है। ममता बनर्जी ने पूरे दिन सेंट्रल फोर्स को डराने की कोशिश की है। ममता बनर्जी ने गुजराती मारवाड़ी वोटिंग एरिया में गुंडों को लेकर हस्तक्षेप करने की कोशिश की है।"
सुवेंदु ने भाजपा को कितनी सीटें बताईं?
सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि वह भवानीपुर में ममता बनर्जी के खिलाफ जीत हासिल करेंगे। उन्होंने भाजपा की सीटों का भी अनुमान बताया। सुवेंदु ने बड़ा दावा करते हुए कहा- "भवानीपुर में मैं 20 हजार से ज्यादा वोटों से जीतूंगा, 8 वार्ड में से 7 में मेरी लीड होगी, 1 में ममता बनर्जी की लीड होगी। भाजपा को 180 सीट से कम नहीं मिलेगा। इसके ऊपर ही रहेगा। आने वाले दिन में बीजेपी की सरकार बन रही है।"
ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा- सामिक भट्टाचार्य
दूसरी ओर पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा- "पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा। वे उत्सव के माहौल में इस चुनाव में शामिल हुए। यह एक लोकतांत्रिक लड़ाई थी। यह सिर्फ किसी को मुख्यमंत्री बनाने, किसी पार्टी को हटाने या किसी दूसरी पार्टी को सत्ता में लाने का चुनाव नहीं था। यह चुनाव पश्चिम बंगाल को पश्चिम बांग्लादेश बनने से रोकने के लिए था। यह हिंदू बंगालियों की लड़ाई थी। यह प्रगतिशील और राष्ट्रवादी मुसलमानों की भी लड़ाई थी, और आज सभी बंगाली एकजुट होकर इस चुनाव में शामिल हुए। चुनाव समाप्त हो गया है। अभी तक किसी के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। इस तरह का चुनाव हो पाना हमारे लिए एक बड़ा मुद्दा है, और तृणमूल कांग्रेस का जाना तय है।"
ये भी पढ़ें- Poll of Polls: 4 एग्जिट पोल्स में बंगाल में बीजेपी की सरकार, एक में TMC आगे