1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस्तीफा दिया, राष्ट्रपति को भेजी चिट्ठी, ममता का रिएक्शन आया सामने, जानिए क्या कहा

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने इस्तीफा दिया, राष्ट्रपति को भेजी चिट्ठी, ममता का रिएक्शन आया सामने, जानिए क्या कहा

 Reported By: Onkar Sarkar, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 05, 2026 07:50 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 08:19 pm IST

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफे की चिट्ठी भेज दी है।

डॉ. सी.वी. आनंद बोस - India TV Hindi
डॉ. सी.वी. आनंद बोस Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे अभी दिल्ली में हैं। आनंद ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया है। आनंद बोस ने ऐसे समय में अपने पद से इस्तीफा दिया है जब राज्य में विधानसभा चुनाव होने में अब ज्यादा दिन बाकी नहीं रह गए हैं। जल्द ही चुनाव आयोग विधानसभा चुनावों की घोषणा कर सकता है। ऐसे समय में राज्यपाल के इस्तीफे से सियासी सरगर्मी भी तेज हो गई है।

ममता का रिएक्शन

राज्यपाल डॉ. सी.वी. आनंद बोस के इस्तीफे की खबर आते ही पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक चौंकाने वाला फैसला बताया है।  उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे की वजह मुझे नहीं मालूम लेकिन मौजूदा हालात में यह इस्तीफा हैरान करने वाला है।

ममता ने एक्स पर लिखा-"पश्चिम बंगाल के गवर्नर सी. वी. आनंद बोस के इस्तीफ़े की अचानक आई खबर से मैं हैरान और बहुत परेशान हूं। उनके इस्तीफ़े के पीछे की वजहें मुझे अभी पता नहीं हैं। हालाँकि, मौजूदा हालात को देखते हुए, मुझे हैरानी नहीं होगी अगर आने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से ठीक पहले गवर्नर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कुछ राजनीतिक फायदे के लिए दबाव डाला हो।

आर.एन. रवि होंगे नए गवर्नर

ममता ने आगे लिखा-"केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे बताया कि आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का गवर्नर बनाया जा रहा है। उन्होंने इस बारे में तय रिवाज के मुताबिक मुझसे कभी सलाह नहीं ली।"

ममता ने लिखा-" ऐसे काम भारत के संविधान की भावना को कमज़ोर करते हैं और हमारे फ़ेडरल स्ट्रक्चर की बुनियाद पर ही हमला करते हैं। केंद्र को कोऑपरेटिव फ़ेडरलिज़्म के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए और ऐसे एकतरफ़ा फ़ैसले लेने से बचना चाहिए जो लोकतांत्रिक रिवाजों और राज्यों की इज़्ज़त को कमज़ोर करते हैं।"

2022 में बंगाल के राज्यपाल नियुक्त हुए थे आनंद बोस

बता दें कि केरल के कोट्टायम के रहने वाले सीवी आनंद बोस पिछले साढ़े तीन साल से पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे। वे 1977 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। 23 नवंबर 2022 को उन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।