कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य भर में सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। यह आदेश 1 जून से प्रभावी होगी। यह महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
सरकारी बसों में होगा फ्री सफर
परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार ने लिखा, "महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और परिवहन सुविधाओं तक उनकी पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से, पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की योजना लागू करने का निर्णय लिया है।" अधिसूचना में आगे कहा गया है कि "पश्चिम बंगाल की सभी महिलाओं को सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा प्रदान की जाएगी," जिसमें "विभिन्न श्रेणियों की सभी छोटी और लंबी दूरी की सरकारी बसें शामिल हैं।"
बनवाना होगा स्मार्ट कार्ड
इस आदेश को लागू करने के लिए, राज्य सरकार लाभार्थियों के लिए एक स्मार्ट कार्ड (क्यूआर कोड वाला डिजिटल कार्ड) जारी करेगी। अधिसूचना में कहा गया है कि "आवेदन करने पर प्रत्येक महिला लाभार्थी को लाभार्थी की फोटो और नाम वाला एक स्मार्ट कार्ड (क्यूआर कोड के साथ डिजिटल) जारी किया जाएगा, जिसे संबंधित क्षेत्राधिकार वाले बीडीओ/एसडीओ को जमा करना होगा।"
कैसे करेंगे आवेदन
महिलाओं को स्मार्ट कार्ड के लिए अपनी पहचान से संबंधित ये दस्तावेज जमा करने होंगे-
- आधार कार्ड
- मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC)
- वीबी-जी आरएएमजी जॉब कार्ड (ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड)
- आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पैन कार्ड
- भारतीय पासपोर्ट
- फोटो सहित पेंशन दस्तावेज़,
- केंद्र/राज्य सरकार/पीएसयू/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटो सहित सेवा पहचान पत्र
- स्कूलों/कॉलेजों/विश्वविद्यालयों द्वारा जारी आधिकारिक पहचान पत्र
- पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी कोई अन्य पहचान पत्र, लाभार्थी की हालिया फोटो के साथ।
स्मार्ट कार्ड नहीं बनने तक क्या करें?
अधिसूचना में आगे कहा गया है कि स्मार्ट कार्ड जारी होने तक, "तत्काल कार्यान्वयन के लिए लाभार्थियों की पहचान सरकार के सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किए गए उपरोक्त फोटो पहचान पत्र के आधार पर की जाएगी।" इस अंतरिम अवधि के दौरान, "पहचान सत्यापन के बाद ड्यूटी पर मौजूद कंडक्टर से अनुरोध करने पर महिला यात्रियों को 'शून्य मूल्य टिकट'/थर्मल पेपर टिकट' जारी किए जाएंगे।"
यह भी पढ़ें-