1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव से पहले एक और हत्या, कूचबिहार में भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार का मर्डर

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव से पहले एक और हत्या, कूचबिहार में भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार का मर्डर

 Edited By: Kajal Kumari
 Published : Jun 18, 2023 12:52 pm IST,  Updated : Jun 18, 2023 12:52 pm IST

पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव से पहले हत्या और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। कूच बिहार जिले में भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार की हत्या कर दी गई। भाजपा ने टीएमसी पर हत्या का आरोप लगाया है।

west bengal panchayat election- India TV Hindi
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव से पहले एक और हत्या Image Source : ANI

पश्चिम बंगाल: राज्य में पंचायत चुनाव से पहले हत्या का दौर जारी है। ताजा मामले में  कूचबिहार जिले में पंचायत चुनाव से पहले एक और हत्या की घटना सामने आई है। घटना दिनहाटा 2 ब्लॉक किसमात दासग्राम ग्राम पंचायत के तियादह इलाके में हुई। भाजपा प्रत्याशी के परिवार के एक सदस्य को कथित तौर पर शनिवार देर रात उनके घर से ले जाकर मार डाला गया। घर के पास ही उसका लहूलुहान शव मिला है।  बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से वार कर युवक की हत्या की गयी है।

मृतक के पिता ने बताया-कुछ लोग बुलाकर ले गए थे बेटे को

मृतक की पहचान शंभू दास के रूप में की गई है। इस संबंध में मृतक के पिता नरेन दास ने बताया कि रात में कुछ लोगों ने उनके बेटे को घर से बुलाया। मेरे मंझले बेटे की पत्नी भाजपा प्रत्याशी के रूप में खड़ी हुई थी, इसलिए मेरे छोटे बेटे शंभू को मार दिया गया। रविवार सुबह सात बजे सूचना मिली कि शव घर के पास पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए दिनहाटा अनुमंडलीय अस्पताल में रखा गया है। 

एसपी ने कहा-जांच की जा रही है

कूचबिहार के एसपी सुमित कुमार ने बताया कि साहेबगंज थाना क्षेत्र में शंभू दास नाम के व्यक्ति का शव उसके घर के पास जूट के खेत में मिला है। शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की जांच चल रही है।

(पश्चिम बंगाल से सुजीत दास की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।