1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पूर्व मंत्री पर युवक ने घर में घुसकर हमला किया, नौकरी के लिए करना चाहता था बात

पश्चिम बंगाल: तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पूर्व मंत्री पर युवक ने घर में घुसकर हमला किया, नौकरी के लिए करना चाहता था बात

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 03, 2025 08:29 am IST,  Updated : Nov 03, 2025 08:34 am IST

तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक चर्चा में हैं। उनके ऊपर एक युवक ने उनके आवास में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Jyotipriya Mallick- India TV Hindi
तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक Image Source : FACEBOOK/MLAJYOTIPRIYAMALLICK

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक पर एक युवक ने उनके घर में घुसकर हमला किया है। मामला रविवार रात का है। हमलावर युवक की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हैरानी की बात ये है कि हमला करने वाला युवक, विधायक से नौकरी के लिए बात करना चाहता था।

क्या है पूरा मामला?

रविवार रात साल्ट लेक इलाके में तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मलिक पर उनके घर में ही हमला हुआ। पुलिस ने बताया कि अभिषेक दास नाम का युवक, विधायक आवास में घुस गया और उसने विधायक पर अचानक हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले में विधायक भी ये नहीं समझ पाए कि ये क्या हुआ। आरोपी युवक, विधायक के ऊपर पहले झपटा और फिर उसने विधायक के पेट के निचले हिस्से में घूंसा मारा। इसके बाद विधायक आवास में मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की उम्र 30 साल बताई जा रही है। पुलिस से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा इलाके का रहने वाला है और विधायक से नौकरी के लिए बात करने गया था। बता दें कि ज्योतिप्रिय मलिक, हाबरा के ही विधायक हैं।

युवक के बारे में सामने आई चौंकाने वाली बात

मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि अचानक हुए हमले से मलिक अचेत भी हो गए। मलिक के शोर मचाने पर उनके सुरक्षाकर्मी और आस-पास मौजूद अन्य लोग दौड़कर आए और युवक को पकड़ लिया। बाद में आरोपी को विधाननगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में पता चला कि युवक शहर के एक सरकारी अस्पताल में मानसिक उपचार ले रहा था और उसने दिन में पहले भी मलिक के साल्ट लेक स्थित घर की कई बार रेकी की थी। मलिक ने संवाददाताओं को बताया कि उन्हें लगा था कि युवक अन्य आगंतुकों की तरह उनसे मिलना चाहता था और जब वह अचानक आगे बढ़ा और उन्हें मारा तो वह हैरान रह गए। (इनपुट: PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।