1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के 13 जिलों में शनिवार को मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी

पश्चिम बंगाल के 13 जिलों में शनिवार को मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी

 Published : Jul 25, 2025 08:06 pm IST,  Updated : Jul 25, 2025 08:22 pm IST

पश्चिम बंगाल के 13 जिलों में शनिवार सुबह भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता में शुक्रवार को बारिश के बीच जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग- India TV Hindi
कोलकाता में शुक्रवार को बारिश के बीच जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग Image Source : PTI

कोलकाता। दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में निम्न दबाव बन रहा है जो शनिवार सुबह तक दक्षिण बंगाल के जिलों में भारी बारिश लाएगा। आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि शनिवार सुबह तक दक्षिण बंगाल के जिलों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में अगले छह दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में 29 जुलाई की सुबह तक भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि बांकुरा, झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने कहा कि कोलकाता सहित पुरुलिया, पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, हुगली, हावड़ा और पश्चिम बर्धमान जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

कोलकाता में शुक्रवार को बारिश के बीच जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग
Image Source : PTIकोलकाता में शुक्रवार को बारिश के बीच जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग

मछुआरों के लिए चेतावनी जारी

मौसम विज्ञानियों ने मछुआरों को 29 जुलाई तक उत्तरी और मध्य बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-ओडिशा तटों के पास समुद्र में न जाने की भी सलाह दी है। उत्तरी ओडिशा और झारखंड में भी भारी बारिश हो सकती है। 

कोलकाता में जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग
Image Source : PTIकोलकाता में जलभराव वाली सड़क से गुजरते लोग

आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत​

जानकारी के अनुसार, बीती रात मूसलाधार बारिश हुई जोकि सुबह तक जारी रही। इसकी वजह से कोलकाता और आसपास के साल्ट लेक के कुछ हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम हो गया। आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल में साल्ट लेक में सबसे अधिक 132 मिमी वर्षा हुई। इसी अवधि के दौरान कोलकाता के अलीपुर में 81 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दम दम में 67 मिमी बारिश हुई। एक अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा और पूर्व बर्धमान जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हुई है। 

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।