पश्चिम बंगाल के उखरा में तीन दिन से लापता एक युवक की लाश रविवार सुबह उसके घर के सामने स्थित कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के उखरा के खाड़पाड़ा इलाके की है। मृतक की पहचान षष्ठी बाउरी (35) के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूर था।
परिवार के अनुसार, षष्ठी दो दिन पहले घर से निकला था। वह अक्सर काम के सिलसिले में बाहर जाता था, इसलिए शुरुआत में परिजनों को उसके देर से लौटने पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी उसके बारे में जानकारी ली गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
कुएं के पानी में तैरती लाश पर नजर पड़ी
रविवार सुबह इलाके के कुछ लोग घर के सामने स्थित कुएं से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुएं के पानी में तैरती एक लाश पर पड़ी। इसके बाद इलाके में खबर फैल गई और लोगों की भीड़ जुटने लगी। घटना की सूचना उखरा चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कुएं से शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि षष्ठी बाउरी कुएं में कैसे गिरा। उसकी मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। उखरा चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंधेरे कुएं में लटकी रही बुजुर्ग महिला
एक ऐसी ही खबर महाराष्ट्र के चांदवाड़ जिले से सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग महिला दो दिन तक अंधेरे कुएं में गिरकर लटकी रही। बुजुर्ग महिला 29 अगस्त से ही लापता चल रही थी। वह अपने बेटे के घर जाने के लिए निकली थी। 2 दिन बाद पता चला कि वह बस स्टैंड के पास एक खुले कुएं में गिर गई थी। इसके बाद महिला की जान बचाई गई। कुछ लड़कों ने कुएं के पास घूमते हुए जब अंदर झांका तो बुजुर्ग को देखा। इसके बाद महिला को चांदवाड़ पुलिस और म्युनिसिपल काउंसिल की टीम की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
(रिपोर्ट- अनिर्बान करमाकर)
ये भी पढ़ें-
CM माझी का बड़ा ऐलान- 45 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, सोशल मीडिया से दूरी बनाएं छात्र
"भारत-चीन के रिश्तों पर टिका एशिया का भविष्य", बोले पूर्व CDS अनिल चौहान