गाजीरम: उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया में एक अंत्येष्टि के दौरान बोको हरम द्वारा किए गए हमले में अब तक 65 लोगों की मौत हो गई है। क्षेत्रीय राजधानी मैदुगुरी के पास स्थित एक गांव में बंदूकधारियों के हमले के बाद दर्जनों और शवों का पता चला। स्थानीय सरकार के अध्यक्ष मोहम्मद बुलामा ने बताया, ‘65 लोग मारे गए हैं और 10 अन्य घायल हुए हैं।’ इससे पहले खबर आई थी कि बोको हरम के बंदूकधारियों ने शनिवार को गोलियां बरसाकर 23 लोगों की जान ले ली, लेकिन ताजा आकंड़ों में मृतक संख्या बढ़ गई है।
Related Stories
बाइक पर सवार होकर आए थे हमलावर
इससे पहले, स्थानीय मिलिशिया नेता बुनु बुकर मुस्तफा ने बताया था कि 3 मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने मैदुगुरी के समीप न्गांजई जिले में एक रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय समयानुसार करीब साढ़े 10 बजे की है। हमलावर 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। यह बोको हरम द्वारा हाल ही में किए गए सबसे घातक हमलों में से एक था।
2009 से जारी है आतंक का खेल
आपको बता दें कि 2009 में मोहम्मद यूसूफ नाम के शख्स ने इस इस्लामी आतंकी संगठन की स्थापना की थी। नाइजीरिया में सरकार और इस्लामी चरमपंथियों के बीच उभरे मतभेदों के चलते यह संगठन अस्तित्व में आया था। इसेक बाद से बोको हरम आतंक का पर्याय बन चुका है और इस संगठन ने तबसे हजारों लोगों की जिंदगियों को तबाह और बर्बाद किया है। नाइजीरिया में जारी इस जंग में पिछले दस सालों में कम से कम 27 हजार लोग मारे जा चुके हैं, और 20 लाख से ज्यादा को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है।