1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स हमले का संकेत देते हैं

रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स हमले का संकेत देते हैं

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 07, 2015 08:00 am IST,  Updated : Nov 07, 2015 12:39 pm IST

पेरिस: मिस्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स के विश्लेषण एक बम हमले का संकेत देते हैं। जांच से करीबी तौर पर जुड़े सूत्रों ने यह बताया है। इस बीच मास्को ने मिस्र

रूसी विमान के ब्लैक...- India TV Hindi
रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स हमले का संकेत देते हैं

पेरिस: मिस्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए रूसी विमान के ब्लैक बॉक्स के विश्लेषण एक बम हमले का संकेत देते हैं। जांच से करीबी तौर पर जुड़े सूत्रों ने यह बताया है। इस बीच मास्को ने मिस्र के लिए उड़ानें रोक दी हैं।

एक सूत्र ने बताया कि फ्लाइट डेटा और वॉयस रिकार्डर ने यह प्रदर्शित किया है कि उड़ान के 24 मिनट बाद दोनों के नाकाम होने तक सबकुछ सामान्य था जो अचानक एक जबरदस्त विस्फोट की ओर इशारा करता है।

उन्होंने बताया कि डेटा मजबूती से इस बात का समर्थन करता है कि विमान में बम था जिसके चलते विमान गिरा। एक अन्य सूत्र ने बताया कि विमान अचानक नीचे गिरा।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने सुरक्षा प्रमुख के सुझाव पर उड़ानें रोके जाने का आदेश दिया है। हालांकि मास्को ने पहले इन रिपोर्टों को खारिज कर दिया था कि किसी बम से विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ होगा।

रूस ने घोषणा की है कि वह मिस्र के हवाईअडें पर सुरक्षा में सुधार होने तक वहां के लिए अपनी उड़ानें निलंबित रखेगा ।

ब्रिटेन और अमेरिका ने कहा था कि पिछले हफ्ते सिनाई प्रायद्वीप में रूसी विमान गिरने की घटना बम रखे जाने की वजह से घटित हुई हो सकती है जिसके बाद मॉस्को की ओर से सावधानी भरा यह पहला संकेत सामने आया है ।

उड़ानें निलंबित किए जाने से मिस्र के पर्यटन उद्योग को भारी झटका लगेगा ।

मॉस्को के इस कदम से वर्तमान में मिस्र में मौजूद 30 से 40 हजार रूसी नागरिक वहां फंस सकते हैं, जबकि ब्रिटेन सरकार सप्ताह के शुरू में अपनी उड़ानें रोकने के बाद अपने करीब 20 हजार नागरिकों को वापस लाने के प्रयास कर रही है ।

रूसी विमान मेट्रोजेट एयरबस ए321-200 शनिवार को शर्म अल शेख के सिनाई से उड़ान भरने के 23 मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिससे इसमें सवार सभी 224 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर रूसी शामिल थे ।

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन दोनों ने आशंका जताई कि हो सकता है कि रूसी विमान बम के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ हो। खबरों में आज कहा गया कि उनकी आशंका पकड़ी गई बातचीत पर आधारित है।

लंदन में ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी की कल मेजबानी की और उन्हांेने संवाददाताओं से कहा कि बहुत आशंका है कि यह हादसा बम के कारण हुआ हो।

आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने इस हादसे की जिम्मेदारी ली है। इस हादसे में 224 यात्रियों की मौत हुई थी जिनमें से ज्यादातर रूसी पर्यटक थे।

सुरक्षा चिंताएं बढ़ने के बीच, यूरोपियन एयरलाइंस सिनाई प्रायद्वीप के शर्म अल शेख से हजारों पर्यटकों को स्वदेश लाने की तैयारी में हैं। शर्म अल शेख से ही बीते शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त विमान ने उड़ान भरी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश