1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मेक्सिको: मॉन्टेरी शहर में गिरा अंडर-कंस्ट्रक्शन मॉल, 7 लोगों की मौत, 9 लापता

मेक्सिको: मॉन्टेरी शहर में गिरा अंडर-कंस्ट्रक्शन मॉल, 7 लोगों की मौत, 9 लापता

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 12, 2018 11:27 am IST,  Updated : Oct 12, 2018 11:27 am IST

मेक्सिको के मॉन्टेरी शहर में एक निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल के गिरने से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है।

7 dead, 9 missing in collapse of Mexico mall in Monterrey city- India TV Hindi
7 dead, 9 missing in collapse of Mexico mall in Monterrey city | Twitter

मॉन्टेरी: मेक्सिको के मॉन्टेरी शहर में एक निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल के गिरने से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद 9 लोग लापता भी बताए जा रहे हैं। स्थानीय काउंसिल के सचिव जेनरो गार्सिया ने बताया कि इस घटना में 15 लोग घायल भी हुए हैं। माना जा रहा है कि सभी पीड़ित निर्माण कार्य में लगे मजदूर थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहरी विकास सचिव ने इस मॉल के मालिकों से काम रोकने के लिए कहा था, लेकिन इसके बावजूद यहां पर निर्माण कार्य चल रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि नुएवो लियोन राज्य में इस उत्तरी औद्योगिक ठिकाने में 3 मंजिला मॉल का निर्माण कार्य बिना किसी लाइसेंस के किया जा रहा था। ऐसा मालूम होता है कि 3 मंजिला इमारत के कंक्रीट के स्लैब अचानक टूट कर एक के ऊपर एक गिर गए। नागरिक सुरक्षा अधिकारियों की ओर से जारी तस्वीरों में दिख रहा है कि बचावकर्मी घायलों को मलबे से बाहर निकाल रहे हैं। मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के काम में तकरीबन 150 आपातकर्मी जुटे हुए हैं।

गुरुवार देर रात नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने बताया कि मलबे से 2 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है जबकि 9 अन्य लोग अब भी लापता हैं। जुलाई में, मेक्सिको सिटी के दक्षिण की ओर स्थित एक नवनिर्मित शॉपिंग मॉल आंशिक रूप से ध्वस्त हो गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश