1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. हज यात्रा के लिए दुनिया भर से 15 लाख जायरीन पहुंचे मक्का, मुसलमानों का है प्रमुख धार्मिक स्थल

हज यात्रा के लिए दुनिया भर से 15 लाख जायरीन पहुंचे मक्का, मुसलमानों का है प्रमुख धार्मिक स्थल

 Published : Jun 12, 2024 04:01 pm IST,  Updated : Jun 12, 2024 04:01 pm IST

अगले हफ्ते से शुरू होने वाले हज के लिए दुनिया भर के जायरीन मक्का पहुंचने लगे हैं। सऊदी के अधिकारियों के अनुसार अब तक 15 लाख जायरीन यहां पहुंच चुके हैं। अभी इनकी संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।

मक्का में मुसलमान। - India TV Hindi
मक्का में मुसलमान। Image Source : AP

मक्का: इस सप्ताह के आखिर में शुरू हो रही हज यात्रा से पहले हज जायरीन बड़ी संख्या में सऊदी अरब के मक्का पहुंचने लगे हैं। सऊदी अधिकारियों के अनुसार मंगलवार तक 15 लाख से अधिक विदेशी हज जायरीन मक्का पहुंच चुके हैं। अधिकतर जायरनी दुनिया भर के अलग-अलग देशों से हवाई मार्ग से यहां पहुंचे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर शुरू हो रहे हज के लिए और भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा, सऊदी अरब में रहने वाले हजारों मुसलमान और अन्य लोग भी हज में शामिल होंगे।

सऊदी अधिकारियों ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल हज यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 2023 से ज्यादा होगी। उन्होंने बताया कि 2023 में 18 लाख से ज्यादा लोगों ने हज किया था, जबकि कोविड वैश्विक महामारी से पहले, 2019 में 24 लाख से ज्यादा मुसलमानों ने हज किया था। फिलस्तीनी मंत्रालय के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में मक्का पहुंचने वाले हज जायरीनों में 4,200 फिलस्तीनी लोग भी शामिल हैं। मक्का की विशाल मस्जिद में मंगलवार को हज जायरीनों की भारी भीड़ दिखाई और उन्होंने काबा के चारों ओर सात बार घूमकर एक अनुष्ठान पूरा किया।

मुसलमानों का पवित्र स्थल है मक्का

मक्का मस्जिद को इस्लाम का सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। मंगलवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, और कई लोग धूप से बचने के लिए छाता लिये हुए दिखाई दिये। हज के लिए मक्का पहुंची मोरक्को की एक महिला रबिया अल-राघी ने कहा, ''जब मैं अल-मस्जिद अल-हरम पहुंची और काबा को देखा तो मुझे राहत मिली। मैं बहुत खुश हूं।'' महिला अपने पति और बेटी के साथ यहां पहुंची हैं। (एपी) 

यह भी पढ़ें

अमेरिका के अटलांटा 'फूड कोर्ट' में हमलावर ने 3 लोगों को मारी गोली, बंदूकधारी जवाबी कार्रवाई में घायल


 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश