1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायल पर ईरानी हमले के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की नई गाइडलाइन, ये सावधानियां बरतने को कहा

इजरायल पर ईरानी हमले के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की नई गाइडलाइन, ये सावधानियां बरतने को कहा

 Published : Apr 14, 2024 05:00 pm IST,  Updated : Apr 15, 2024 01:54 pm IST

इजरायल ने ईरान से आज तड़के अपने देश पर हुए हमले के बदले का ऐलान कर दिया है। बता दें कि ईरान ने इजरायल पर भीषण ड्रोन और मिसाइल अटैक आज किया, लेकिन इस दौरान 99 ईरानी ड्रोन हमले को आइडीएफ ने विफल कर दिया।

तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास। - India TV Hindi
तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास। Image Source : AP

तेल अवीवः इजरायल पर आज तड़के हुए ईरान के हमले और इजरायल की बदले की कार्रवाई की संभावना के मद्देनजर वहां रह रहे भारतीयों के लिए भी वक्त काफी चुनौतीपूर्ण और चिंताजनक हो गया है। ऐसे में इजरायल में भारतीय दूतावास ने ईरान के हमलों के बाद अपने नागरिकों के लिए रविवार को एक नया ‘‘महत्वपूर्ण परामर्श’’ जारी कर उन्हें शांतचित्त रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की सलाह दी। ईरान ने एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए शनिवार को इजराइल पर हमला कर दिया और उस पर सैंकड़ों ड्रोन, बैलेस्टिक मिसाइल और क्रूज मिसाइल दागीं। सीरिया में एक अप्रैल को हवाई हमले में ईरानी वाणिज्य दूतावास में दो ईरानी जनरल के मारे जाने के बाद इसने बदला लेने का प्रण लिया था।

भारतीय दूतावास ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए ‘महत्वपूर्ण परामर्श’ में कहा, ‘‘क्षेत्र में हाल की घटनाओं के मद्देनजर इजराइल में सभी भारतीय नागरिकों को शांत रहने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है।’’ उसने कहा, ‘‘दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और वह हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इजराइली प्राधिकारियों तथा भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है।’’ उसने भारतीय नागरिकों से पहले से उपलब्ध एक लिंक के जरिये दूतावास के साथ पंजीकरण कराने का भी अनुरोध किया है।

हमले के बाद भारत ने जारी की नई गाइडलाइन

भारतीय दूतावास ने ईरान द्वारा प्रतिशोध में हमला किए जाने की बढ़ती आशंका के बीच शुक्रवार को भी एक परामर्श जारी कर अपने नागरिकों को ‘‘अनावश्यक यात्रा करने से बचने, शांत रहने और स्थानीय प्राधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन’’ करने की सलाह दी थी। यह पहली बार है कि इस्लामिक देश ईरान ने अपनी सरजमीं से यहूदी देश पर हमला किया है। इजराइल पर सैकड़ों मिसाइल दागे जाने के बावजूद किसी भी देश ने अभी तक अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। अमेरिका समेत उनमें से कुछ देशों ने परामर्श जारी किए हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें

हमले का बदला लेगा इजरायल, सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा-"हमारी लड़ाई इस्लामिक रिपब्लिक से है, ईरान की जनता से नहीं"

हमले का बदला लेगा इजरायल, सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा-"हमारी लड़ाई इस्लामिक रिपब्लिक से है, ईरान की जनता से नहीं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश