1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. अल्बानिया ने नियुक्त किया दुनिया की पहली AI मंत्री, Diella को सौंपी भ्रष्टाचार विरोधी मंत्रालय की कमान

अल्बानिया ने नियुक्त किया दुनिया की पहली AI मंत्री, Diella को सौंपी भ्रष्टाचार विरोधी मंत्रालय की कमान

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Sep 13, 2025 02:19 pm IST,  Updated : Sep 13, 2025 02:19 pm IST

अल्बानिया दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जिसने अपने मंत्रालय में एक एआई मंत्री की नियुक्ति की है। इससे पहले दुनिया के किसी देश ने एआई मंत्री नहीं बनाया है।

दुनिया की पहली एआई मंत्री डिएला।- India TV Hindi
दुनिया की पहली एआई मंत्री डिएला। Image Source : AP

तिराना (Tirana): अल्बानिया दुनिया का पहला देश बन गया है, जिसने एक ‘AI मंत्री’ की नियुक्ति की है। यह कोई इंसान नहीं, बल्कि पिक्सल और कोड से बनी एक वर्चुअल (कृत्रिम) मंत्री है। इस AI मंत्री का नाम है डिएला (Diella), जिसका मतलब अल्बानियाई भाषा में "सूरज" होता है।

प्रधानमंत्री एडी रामा ने कैबिनेट मीटिंग में दिया डिएला का परिचय

प्रधानमंत्री एडी रामा ने अपनी सोशलिस्ट पार्टी की एक बैठक में नई कैबिनेट में डिएला का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि डिएला को देश में भ्रष्टाचार से निपटने की ज़िम्मेदारी दी गई है। पीएम ने कहा कि "डिएला मेरी कैबिनेट की पहली सदस्य हैं जो शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से वर्चुअली बनाई गई हैं।

अल्बानियां में टेंडर्स होंगे भ्रष्टाचार मुक्त

प्रधानमंत्री ने कहा कि "वह (डिएला) सुनिश्चित करेंगी कि अल्बानिया में सार्वजनिक निविदाएं 100% भ्रष्टाचार-मुक्त हों। मई में हुए चुनावों में चौथी बार सत्ता में आए रामा ने कहा कि डिएला को सभी सरकारी टेंडरों से संबंधित निर्णय लेने का अधिकार होगा। हर एक सार्वजनिक निधि को पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

अल्बानिया में भ्रष्टाचार की समस्या

अल्बानिया लगभग 28 लाख की आबादी वाला एक बाल्कन देश है, वहां वर्षों से सार्वजनिक निविदाएं भ्रष्टाचार का बड़ा स्रोत रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह देश ड्रग और हथियार तस्करी से कमाई को सफेद करने वाले गिरोहों का अड्डा बन चुका है और भ्रष्टाचार सत्ता के गलियारों तक पहुंच चुका है।

अल्बानिया को ईयू का हिस्सा बनाने का लक्ष्य

यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने की अल्बानिया की कोशिशों में सार्वजनिक प्रशासन में भ्रष्टाचार पर रोक लगाना एक अहम शर्त है। प्रधानमंत्री रामा का लक्ष्य है कि 2030 तक अल्बानिया EU का हिस्सा बने। हालांकि, सरकार ने यह नहीं बताया कि डिएला के संचालन में कोई मानवीय निगरानी होगी या नहीं। इस बात का भी जिक्र नहीं किया गया कि अगर कोई व्यक्ति AI को गलत तरीके से इस्तेमाल करे तो क्या होगा।

कौन हैं डिएला ?

डिएला को जनवरी 2025 में पहली बार e-Albania नामक सरकारी डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर एक AI-संचालित वर्चुअल असिस्टेंट के रूप में लॉन्च किया गया था। वह नागरिकों और व्यवसायों को राज्य दस्तावेज़ प्राप्त करने में सहायता करती हैं। पारंपरिक अल्बानियाई पोशाक में तैयार डिएला, वॉइस कमांड्स के माध्यम से मदद करती हैं और इलेक्ट्रॉनिक स्टैम्प के साथ दस्तावेज़ जारी करती हैं, जिससे नौकरशाही में देरी कम होती है।

मंत्री होने से पहले डिएला ने अब तक किए ये काम

सरकारी आंकड़ों के अनुसार मंत्री पद पर नियुक्त होने से पहले अब तक डिएला ने 36,600 डिजिटल दस्तावेज जारी किए हैं और लगभग 1,000 सेवाएं प्रदान की हैं। इस साल की शुरुआत में, प्रधानमंत्री रामा ने कहा था कि अल्बानिया जल्द ही एक डिजिटल मंत्री या यहां तक कि AI प्रधानमंत्री भी देख सकता है, लेकिन बहुत कम लोगों ने सोचा था कि यह दिन इतनी जल्दी आ जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश