ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने सोमवार को एक महिला को आजीवन कारावास की सजा सुनायी है। महिला को अपने अलग रहे पति के रिश्तेदारों को जहरीले मशरूम खिलाकर जान से मारने की कोशिश का दोषी पाया गया है। महिला ने 4 रिश्तेदारों को जहरीला मशरूम खिलाया था जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई थी। महिला ने घर पर भोज रखा था और उसने रिश्तेदारों के साथ इस घटना को अंजाम दिया।
33 साल तक पैरोल की कोई संभावना नहीं
ऑस्ट्रेलिया की अदालत ने एरिन पैटरसन को आजीवन कारावास की जो सजा सुनायी है उसमें कम से कम 33 साल तक पैरोल की कोई संभावना नहीं होगी। विक्टोरिया राज्य के सुप्रीम कोर्ट में फैसला सुनाते हुए कोर्ट के जज क्रिस्टोफर बील ने कहा कि पैटरसन ने विश्वासघात किया था।
कैसे रची जहर देने की साजिश?
आपको बता दें कि एरिन पैटरसन ने साल 2023 में अपने घर पर भोज का आयोजन किया था। इसमें उसके ससुराल के लोग शामिल हुए थे लेकिन उसका पति साइमन पैटरसन नहीं आया। इस भोज में एरिन पैटरसन ने जहरीले मशरूम मिलाकर भोजन परोसा था। महिला ने अपने रिश्तेदारों को झूठा बहाना देकर बुलाया था कि उसे कैंसर हो गया है। हालांकि, एरिन का अब भी दावा है कि उसने मशरूम गलती से इस्तेमाल किए थे।
3 की खाना खाकर मौत
एरिन के यहां भोज में 4 मेहमान शामिल हुए थे। इनमें से 3 यानी एरिन के ससुर-सास डॉन और गेल पैटरसन व गेल की बहन हीथर विल्किंसन की भोजन करने के बाद अस्पताल में मौत हो गयी थी। हीथर के पति इयान भोजन के दौरान बच गया। इन सभी को जहरीला मशरूम युक्त भोजन परोसा गया था।
कोर्ट ने क्या कहा?
इस मामले में फैसला सुनाते हुए जज क्रिस्टोफर बील ने कहा- ‘‘आपके (पैटरसन) शिकार आपके रिश्तेदार थे, जिन्होंने वर्षों तक आपको और आपके बच्चों को सहारा दिया था। आपने न केवल तीन लोगों की जान ली, बल्कि इयान विल्किंसन के स्वास्थ्य को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया और अपने ही बच्चों को उनके दादा-दादी के प्यार से वंचित कर दिया।’’ (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- दुबई में 23 साल की ब्रिटिश स्टूडेंट को आजीवन कारावास की सजा, छोटी सी मूर्खता ने तबाह की जिंदगी
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पलटी बाढ़ पीड़ितों के बचाव कार्य में जुटी नौका, 5 लोगों की मौत