1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. 8 लड़कियों ने मिलकर की 59 साल के शख्स की हत्या, वजह जानकर चौंक जाएंगे आप

8 लड़कियों ने मिलकर की 59 साल के शख्स की हत्या, वजह जानकर चौंक जाएंगे आप

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Dec 23, 2022 02:44 pm IST,  Updated : Dec 23, 2022 02:50 pm IST

पुलिस के मुताबिक इन आठों लड़कियों को घटना वाली जगह से गिरफ्तार किया गया। इनमें से तीन लड़कियां 13 साल की है जबकि दो 16 साल और तीन लड़कियों की उम्र 14 साल है।

अपराध- India TV Hindi
अपराध Image Source : पीटीआई/फाइल

कनाडा के टोरंटो में 8 किशोर लड़कियों पर एक 59 साल के शख्स की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक ये लड़कियां सोशल मीडिया पर उस शख्स से जुड़ी हुई थीं। जांचकर्ताओं का आरोप है कि लड़कियों ने रविवार सुबह शहर के डाउनटाउन कोर में एक शख्स पर हमला किया और उसे चाकू मार दिया। जख्मी शख्स को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक इन आठों लड़कियों को घटना वाली जगह से गिरफ्तार किया गया। इनमें से तीन लड़कियां 13 साल की है जबकि दो 16 साल और तीन लड़कियों की उम्र 14 साल है। टोरंटो पुलिस के जासूस दस्ते के टेरी ब्राउन ने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि लड़कियां उस शख्स से शराब की बोतल लेने की कोशिश कर रही थीं। ब्राउन ने द एसोसिएटेड प्रेस के साथ एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं लगभग 35 वर्षों से पुलिसिंग में हूं। यह घटना बेहद खतरनाक और चौंकानेवाली है। 16 साल से कम उम्र की आठ युवा लड़कियां अगर इस तरह के खतरनाक वारदात को अंजाम देती हैं तो साफ तौर पर हम सभी परेशानी में हैं।'

ब्राउन ने कहा, 'वे सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से मिले। वे शहर के अलग-अलग हिस्सों से आए। हम नहीं जानते कि वे उस शाम कैसे और क्यों मिले थे और मिलने के लिए उन्होंने टोरंटो की क्यों चुना। हम नहीं जानते कि वे कितने समय से एक-दूसरे से परिचित थे। मैं इन लड़कियों के ग्रुप को फिलहाल एक गिरोह भी नहीं बता सकता। आठ की ग्रुप में ये लड़कियां ये देखना चाहती थीं इससे उन्हें प्रसिद्धि मिल सकती है।' पुलिस के मुताबिक आठों लड़कियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने कहा कि कई हथियार जब्त किए गए लेकिन उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि ये हथियार किस तरह के हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तीन लड़कियों का पुलिस के साथ पहले भी सामना हो चुका है। ब्राउन ने कहा कि पुलिस ने लड़कियों के माता-पिता से बात की है। उन्हें यह जानकर झटका लगा कि उनके बच्चे ऐसी घटना में शामिल हैं। कनाडा के अधिकारी लड़कियों के नाम जारी नहीं कर सकते क्योंकि वे कम उम्र की हैं। अदालत में अब इनकी अगली पेशी 29 दिसंबर को है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश