1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायल से मुकाबले के लिए हिजबुल्लाह ने लेबनान के "घर-घर को बनाया लांचिंग पैड", इमारतों में रखी मिसाइलें दे रही गवाही

इजरायल से मुकाबले के लिए हिजबुल्लाह ने लेबनान के "घर-घर को बनाया लांचिंग पैड", इमारतों में रखी मिसाइलें दे रही गवाही

 Published : Sep 24, 2024 11:57 am IST,  Updated : Sep 24, 2024 12:01 pm IST

इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह की जंग की तैयारियों के संबंध में एक सीक्रेट तस्वीर जारी की है। इसमें दिखाया गया है कि किस तरह से हिजबुल्लाह पलटवार के लिए दक्षिण लेबनान के घरों में लंबी दूरी की मिसाइलों को छुपा रखा है। आईडीएफ के अनुसार ये घातक मिसाइलें इजरायल के अंदर तक हमला करने में सक्षम हैं।

लेबनान के घर में हिजबुल्लाह की लांग रेंज मिसाइल।- India TV Hindi
लेबनान के घर में हिजबुल्लाह की लांग रेंज मिसाइल। Image Source : X @ISRAEL

येरूशलम/बेरूत: लेबनान पर इजरायली सेना के हमले से हिजबुल्लाह बौखलाया हुआ है। वह इजरायल पर भीषण पलटवार कर रहा है। इजरायली सेना से मुकाबले के लिए अब हिजबुल्लाह ने पूरे दक्षिण लेबनान को वॉर जोन में बदल दिया है। एक तरह से दक्षिणी लेबनान के घर-घर को हिजबुल्लाह ने लांचिंग पैड बना डाला है। दक्षिणी लेबनान के एक घर से आई मिसाइल रखे होने की तस्वीरें इसकी गवाही दे रही हैं। यह तस्वीरें आपको भी चौंका देंगी। इजरायल के विदेश मंत्रालय की ओर से यह तस्वीर जारी की गई। 

इजरायली विदेश मंत्रालय ने एक्स पर किए गए पोस्ट में हिजबुल्लाह की तैयारी को दर्शाया है। इसमें लंबी दूरी की मिसाइल को किसी घर में छुपा कर रखा गया देखा जा सकता है। माना जा रहा है कि इजरायल की शक्तिशाली सेना से जंग के लिए हिजबुल्लाह ने लेबनान के घरों में इस तरह की मिसाइलें और रॉकेटों को छुपा रखा है। 

हिजबुल्लाह जानबूझकर रिहाइशी इलाकों को बना रहा लांचिंग पैड

इजरायली सेना ने लिखा है कि इन तस्वीरों से पता चलता है कि हिजबुल्लाह जानबूझकर दक्षिणी लेबनान के रिहाइशी इलाकों को लांचिंग पैड के रूप में इस्तेमाल कर रहा है। तस्वीर में आप देख सकते हैं कि एक नागरिक इमारत के अंदर लंबी दूरी की हिजबुल्लाह मिसाइल रखी गई है। हिज़्बुल्लाह जानबूझकर अपने सैन्य बुनियादी ढांचे को नागरिक क्षेत्रों के भीतर रख रहा है। ताकि वह उन्हें ढाल के तौर पर इस्तेमाल कर सके। 

इजरायली हमले के जवाब में हिजुब्लाह ने दागे सैकड़ों रॉकेट

लेबनान पर सोमवार को इजरायल ने इन भीषण हमला किया कि इसमें अब तक 492 लोग मारे गए हैं। जबकि 1600 से अधिक घायल हुए हैं। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जाहिर की गई है। इजरायली सेना के इस हमले के बाद से ही हिजबुल्लाह बौखला गया है। बीते 24 घंटे में हिजबुल्लाह ने धड़ाधड़ उत्तरी इजरायल पर 250 से ज्यादा रॉकेटों से हमला किया है। हालांकि इनमें से ज्यादातर को इजरायल ने आयरन डोम से मार गिराने का दावा किया है। अब हिजबुल्लाह की घर-घर को लांचिग पैड के तौर पर इस्तेमाल करने की तैयारियों को देखकर इजरायली सेना भी दंग रह गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश